
एम्बुलेंस के अभाव में एक तड़पते रहे घायल तीन न्यायिक अधिकारी,गंभीर हालत में किया जयपुर रैफर
मालपुरा. जयपुर मार्ग पर शनिवार सुबह डिग्गी नुक्कड़ पेट्रोल पम्प के पास रोडवेज बस व कार में हुई भिड़ंत में मालपुरा न्यायालयों में नियुक्त तीन न्यायिक अधिकारी गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मालपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में तीनों को जयपुर रैफर किया।
जानकारी अनुसार अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विनोद कुमार गिरी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत चौधरी एवं मुंसिफ मजिस्टे्रट सुनिता जिंदोलियां जयपुर से अपनी निजी कार से मालपुरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान डिग्गी नुक्कड़ के पास पेट्रोल पम्प के आगे सामने से आ रही वैशाली नगर डिपो की रोडवेज बस से कार की भिडं़त हो गई।राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को मालपुरा के चिकित्सालय पहुंचाया, जहां तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर जयपुर रैफर किया।
पचेवर व लाम्बाहरिसिंह से मंगवाई एम्बुलेंस
चिकित्सालय से जयपुर रैफर किए जाने के बाद चिकित्सालय में मौजूद 108 एम्बुलेंस लम्बे समय से खराब होकर ऑफ रोड होने के चलते पचेवर एवं लाम्बाहरिसिंह 108 को दूरभाष पर सूचना देकर मंगाया गया, जिसके चलते तीनों अधिकारियों को एक घंटे तक चिकित्सालय में ही तड़पते रहना पड़ा।
वहीं मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं व स्टाफ कर्मचारियों ने गहरी नाराजगी जताने पर दो अधिकारियों को बेस एम्बुलेस से जयपुर रवाना किए जाने की तैयारी की गई तो उसमें भी ऑक्सीजन की सुविधा नहीं होने के चलते चिकित्सालय से अतिरिक्त ऑक्सीजन गैस सिलेण्डर लगाकर रवाना किया गया। वहीं लाम्बाहरिसिंह की एम्बुलेंस के पहुंचने पर तीसरे घायल अधिकारी को रवाना किया गया।
अधिवक्ताओं ने अव्यवस्थाओं पर दिया धरना-
मालपुरा चिकित्सालय में फैली अव्यवस्थाओं व 108 एम्बुलेंसों की दुर्दशा को लेकर न्यायिक अधिकारियों के साथ बरती गई लापरवाही के चलते अभिभाषक संघ अध्यक्ष एडवोकेट रघुवीर सिंह आखतडी के नेतृत्व में अधिवक्ता अनीष जैन, भागचंद सैनी, विपिन शर्मा, महेश शर्मा, चंद्रप्रकाश सैनी, रमेश सैनी, वसीम मोहम्मद सहित अन्य अधिवक्ताओं ने चिकित्सालय के मुख्य गेट पर धरने पर बैठते हुए आरोप लगाया कि जब न्यायिक अधिकारियों के साथ ही ऐसी लापरवाही बरती जा रही है तो आमजन के साथ चिकित्सालय में कैसा बर्ताव किया जाता होगा।
वहीं उन्होने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद अधिकारियों को लेकर चिकित्सालय पहुंचने पर पर्याप्त स्ट्रैचरो के नही होने के चलते घायलों को आम नागरिको द्वारा उठाकर वार्ड में ले जाया गया। वहीं मौके पर मौजूद उपखण्ड अधिकारी अजय कुमार आर्य व वृत्ताधिकारी जयसिंह नाथावत ने अधिवक्ताओं से समझाइश कर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार करवाने व उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया।
Published on:
6 Oct 2019, 8:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.