
टोंक. शारदीय नवरात्रा के अवसर पर बुधवार को मंदिरों व घरों में घट स्थापना हुई। नवरात्र स्थापना के तहत जिले में घर-घर में घट स्थापना की गई। शहर के प्राचीन कंकाली माता मंदिर में सुबह की आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पडी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने व्रत-उपवास रखना शुरू कर दिया है।
बालाजी मंदिर, माताजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों मेंं झांकियां सजाई गई। मंदिरों में सुबह से ही भक्तजनों का तांता लगा रहा। देवी मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना व पाठ तथा साधनाओं का विधान अनुसार मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ हुआ। आठ दिनों तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों विधानों की शुरूआत की गई।
घट स्थापना के साथ ही देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों के मेले लगे तथा भोग प्रसादी के आयोजन किए गए। इसी प्रकार वजीरपुरा गांव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू किया गया, कथावाचक पंडित ऋषिराज कथा कर रहे हैं, जिसकी पूर्णाहुति 16 अक्टूबर को होगी। इससे पूर्व 31 महिलाओं ने कलशधारण कर कलशयात्रा निकाली। इस दौरान रामगोपाल जाट, हनुमान चौपड़ा, बदीलाल जाट, बजरंगलाल, भंवरलाल, नारायण सिंह, लादूलाल सहित कई ग्रामीणों ने कथा में हिस्सा लिया।