उमेश मेेेनारिया/ मेनार . प्रदेशस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कई घोषणाएं की। सीएम ने अन्नपूर्णा दुग्ध योजना के तहत अब आगनवाड़ी में जाने वाले नौनिहालों को भी दूध पिलाए जाने की घोषणा की। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने अन्नपूर्णा दुग्ध योजना की शुरुआत सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए शुरू की। लेकिन योजना की बड़ी खामी ये थी कि बड़े बच्चों को दूध मिल रहा था, लेकिन आंगनबाड़ी केंद्रों में जाने वाले बच्चों को दूध से वंचित रहना पड़ रहा था। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गरम और ठंडा पोषाहार उपलब्ध करवाया जाता है। इससे पहले भेदभाव ये था कि एक ही भवन में एक तरफ स्कूल में बच्चों को योजना के तहत दूध पिलाया जाता है और दूसरी तरफ केंद्र में पढ़ रहे 3 साल से लेकर 6 साल तक के नौनिहालों को सूखा पूरक पोषाहार ही खाना पड़ रहा था। इसी मामले को लेकर राजस्थान पत्रिका ने 19 जुलाई को ‘ये कैसा भेदभाव नौनिहाल को गुड़ चना, बड़ों को दूध’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाया है।
बच्चों को रोजाना मिलेगा दूध
मुख्यमन्त्री ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों को सप्ताह में तीन दिन के स्थान पर प्रतिदिन दूध पिलाना बताया। इसके लिए 203 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
गर्भवती महिलाओं को भी लाभ
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं और किशोरी बालिकाओं को पूरक पोषाहार के साथ-साथ सप्ताह में तीन दिन दूध पिलाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपए दिये जाएंगे।