
उदयपुर . भीलवाड़ा जिले के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, सुवाणा में चल रहे उदयपुर जिले के वरिष्ठ अध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर में महिला शिक्षकों के कमरों में लगे कैमरे को विरोध के बाद बंद कर दिया गया। साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग की हार्डडिस्क को भी सीज कर रिकॉर्डिंग डिलिट की गई।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद के 10 दिवसीय आवासीय शिविर में जिन कमरों में महिलाओं को ठहराया गया था, वह मॉडल स्कूल होने से वहां पर कैमरे लगे हुए थे। शिविर के दो दिन बाद जब महिला शिक्षकों को कैमरे चालू होने के बारे में पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया था। उनका कहना था कि महिलाओं के कमरों में कैमरे लगाना गलत है। स्कूल प्रशासन को उन्हें दूसरे कैमरों में ठहराना चाहिए था। यह उनकी निजता का हनन है। महिला शिक्षकों ने मामले में जांच की भी मांग की थी। इसके बाद शुक्रवार को कैमरे की रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई, रिकॉर्डेड वीडियो को डिलिट कर दिया गया और हार्डडिस्क को भी सीज कर लिया गया।
जांच की मांग को लेकर ज्ञापन
मामले में राजस्थान शिक्षक एवं पंचायती राज कर्मचारी संघ ने रमसा आयुक्त, शिक्षा सचिव व महिला आयोग को ज्ञापन भेजकर जांच व कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष शेरसिंह चौहान का कहना है कि शिक्षकों के गृह जिले में ही गैर आवासीय शिविर कराए जाए चाहिए। शिविरों में महिला शिक्षकों के लिए सुरक्षा की विशेष व्यवस्था होनी चाहिए। शिक्षकों को शिविर के नाम पर प्रताडि़त किया जा रहा है। महिला शिक्षकों के कमरों में जो कैमरे लगे हुए थे वह निंदनीय है। इसकी जांच होनी चाहिए।