
उदयपुर . अम्बामाता थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी नेत्रपालसिंह ने बताया कि गत 19 नवम्बर को भुवाणा निवासी नरेश पुत्र प्रभुलाल मेघवाल ने अस्पताल में पुलिस को दिए बयानों में बताया कि रात 9 बजे वह दोस्त खारोल कॉलोनी फतहपुरा निवासी युवराज पुत्र प्रवीण ढोली व नीमचमाता निवासी नरेन्द्र पुत्र किशनसिंह राजपूत के साथ जा रहा था।
फतहपुरा चौराहे पर सिगरेट पीने रुके तभी वहां खड़े विक्रमसिंह ने हमसे माचिस मांगी, हमने कहा कि दो मिनट रुको तो गालीगलौच की। बाद में उसने साथियों के साथ मिलकर तलवार से वार कर दिए। तलवार वार से युवराज के सिर में चोट आई। तीनों दोस्त बीचबचाव करते हुए भाग निकले, युवराज के ज्यादा लगने पर उसे एमबी. चिकित्सालय में भर्ती कराया।
पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर बापूनगर बडग़ांव निवासी रितिक पुत्र शेखरचंद श्रीमाली, पुला कच्चीबस्ती निवासी प्रकाश उर्फ चीनू पुत्र अर्जुनलाल नायक, गवरी चौक पुला निवासी नरेश पुत्र इन्दरलाल कुमावत, देबारी प्रतापनगर निवासी विक्रमसिंह पुत्र शिवसिंह झाला, गायत्रीनगर बडग़ांव निवासी रोहित पुत्र राजेन्द्र श्रीमाली व इन्द्रापुरी कॉलोनी भुवाणा निवासी उमेश पुत्र ओमप्रकाश मोटवानी को गिरफ्तार किया।
कार की टक्कर से वृद्ध और बाइक से युवक की मौत
उदयपुर रोड स्थित पेट्रोल पम्प के सामने मोपेड सवार वृद्ध को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया हादसे का शिकार भंवरलाल पुत्र मोतीलाल सालवी निवासी चमनपुरा (मावली) हुआ। रेलवे से रिटायर्ड भंवरलाल यहां श्रीकृष्ण महावीर गोशाला पर काम करता था। मोपेड पर वांगरोदा जाते समय पेट्रोल पम्प के सामने पीछे से आती कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मूंगाणा. बीती शाम संतुलन बिगडऩे के कारण बाइक से गिरे युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मोहनलाल (20) पुत्र प्रभुलाल मीणा निवासी कोटड़ी शुक्रवार रात 7 बजे कोटड़ी से बाइक पर धरियावद जा रहा था। नाड़ के पास पत्थर पर चढ़कर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। मोहन को सिर में गंभीर चोट आई। मूंगाणा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मूंगाणा पुलिस चौकी प्रभारी राजवीरसिंह ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
Updated on:
26 Nov 2017, 11:41 AM IST
Published on:
26 Nov 2017, 2:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.