
साइबर ठगी: साठ फीसदी केस बिजली कनेक्शन और क्रेडिट कार्ड से जुड़े
सवीना थाना पुलिस ने साइबर ठगों की चालाकी को मात दी है। थाने के एक्सपर्ट जवान साइबर ठगों के शिकार लोगों को राहत देते हुए 4.47 लाख रिकवर किए। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इस पर एएसपी सिटी चन्द्रशील ठाकुर, डिप्टी शिप्रा राजावत के सुपरविजन में कार्रवाई हुई। थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया कि साइबर अपराधों में सम्बन्धित कम्पनियों, बैंकों से तत्काल पत्राचार और आवश्यक कार्रवाई कर 4 लाख 47 हजार 165 रुपए रिकवर करवाते हुए पीडि़तों को राहत पहुंचाई गई।
पहले रिकवर हुए 39 लाख
कार्रवाई में हेडकांस्टेबल सुनील विश्नोई, कांस्टेबल राजकुमार जाखड़ की अहम भूमिका रही। एक साल पहले भी इस टीम ने साइबर ठगी के विभिन्न मामलों में 39 लाख रुपए रिकवर किए थे।
केस, जिनमें संपूर्ण राशि रिकवर
- सेक्टर-14 निवासी आकाश कुमार से मोबाइल सिम बंद होना बताकर अकांउट नम्बर व ओटीपी मांगे। खाते से 50 हजार रुपए निकल गए।
- श्रेष्ठ जैन के पास नामी कम्पनी में सलेक्शन की सूचना का लिंक आया। एटीएम कार्ड नम्बर और ओटीपी बताने पर 9949 रुपए ठग लिए।
- तितरड़ी निवासी मुरारी लाल के साथ फोन पे से हुई 50 रुपए की ठगी हो गई थी।
- हर्षित गुप्ता को बिजली कनेक्शन काटने का मैसेज भेजकर डिटेल मांगी और 49958 रुपए ठग लिए।
- सेक्टर-7 निवासी सनी कुमार से क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर 3.44 लाख की ठगी हो गई।
- तितरड़ी निवासी तुषार जोशी से ऑनलाइन खरीददारी के दौरान हुई 4000 रुपए की ठगी हो गई।
- एकलिंगपुरा निवासी नरेन्द्र सिंह से बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर डिटेल मांगी और 41967 रुपए ठग लिए थे।
- सेक्टर-14 निवासी नीता जैन से बिजली कनेक्शन काटने का मैसेज देकर डिटेल ली और 20 हजार रुपए ठग लिए।
- जयपुर हाल गीतांजली हॉस्पिटल के पास निवासी मनीष कुमार से क्रेडिट कार्ड की जानकारी को लेकर 46291 रुपए ठग लिए।
- सेक्टर 11 निवासी गुर इकबाल के क्रेडिट कार्ड से 25 हजार रुपए की ठगी हो गई थी। सम्पूर्ण राशि होल्ड करवा रिफंड करवाए।
आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की फोन कॉल, एसएमएस या अन्य किसी माध्यम से ओटीपी, यूपीआइ, एमपिन, एटीएम पिन किसी के साथ शेयर नहीं करें। इसके अलावा एसएमएस तथा वॉट्सअप पर आए अनजान लिंक पर भी क्लिक नहीं करें।
रविन्द्र चारण, थानाधिकारी, सविना
Published on:
20 Jul 2022, 1:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.