जिले के खेरवाड़ा कस्बे के सार्वजनिक निर्माण विभाग के डाक बंगले के आगे पुलिस थाना से कुछ दूरी पर रविवार देर रात करीब 10 बजे एक बड़ा डंपर पलट गया। हादसे में डंपर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि गुजरात से बजरी से भरा बड़ा डंपर सराडा की ओर जा रहा था। इस दौरान हाइवे से सर्विस रोड पर आकर पलट गया। हादसे के बाद चालक तो बाहर निकल गया, लेकिन कटावला चावंड निवासी खलासी गणेश पुत्र रूपलाल अंदर ही फंस गया। सूचना मिलते ही तुरंत हैड कांस्टेबल मदन सिंह, कांस्टेबल ओनार सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और अंदर फंसे खलासी को बाहर निकाला। खलासी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा पहुंचाया। जहां पैर में गंभीर चोट आने से प्राथमिक उपचार कर उदयपुर रैफर किया गया। जहां एमबी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।