उदयपुर/ फलासिया. encrochment news चुनावी बिसात पर वोटों की गणित में उलझी पानरवा ग्राम पंचायत क्षेत्र की राजनीति स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ा संकट खड़ा कर रही है। सड़क, सरकारी जमीन, स्वास्थ्य केंद्र सहित प्राकृतिक नालों के बहाव स्थल पर हो रहे नियमित अतिक्रमण के बावजूद ग्राम पंचायत के जिम्मेदार कब्जेधारियों के विरोध में कार्रवाई को लेकर अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की ओर से होने वाली शिकायतों को भी कचरे के ढेर में डाला जा रहा है। वोट बैंक की राजनीति में उलझे जिम्मेदारों की अनदेखी से समस्या कम होने की बजाए बढ़ती जा रही है। आरोप तो यहां तक भी हैं कि खुद ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों ने अवैध तौर पर नाले की जमीन पर लोगों को पट्टे काट दिए हैं। बता दें कि अब्दुल बनाम सरकार के अदालती मामले में कई साल पहले प्रदेश सरकार को नदी और नालों के बहाव क्षेत्र में होने वाले अतिक्रमण को लेकर नोटिस जारी हो चुके हैं, लेकिन इतना सब होने के बावजूद प्रशासनिक अमला भी जिम्मेदारी को लेकर मुंह मोड़े हुए है।