
उदयपुर में स्टाम्प वेंडर पर हुई फायरिंग के मामले में अब हुआ ये बड़ा खुलासा, हमलावरों का नाम आया सामने
मो. इलियास/उदयपुर. मधुवन स्थित पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय के बाहर दिन दहाड़े स्टाम्प वेंडर पर फायर करने वाले आरोपित नरेशगिरी के गुर्गे ही थे। नरेश के फरार होने से पूरे घटनाक्रम में उस पर शक गहरा गया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं चला।
माली कॉलोनी सूरजपोल निवासी सोहनपुरी पुत्र नंदपुरी गोस्वामी पर सोमवार दिनदहाड़े कुछ युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली सोहनगिरी के पास से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली। फुटेज में टोपी चश्मा पहना एक युवक सोहनगिरी के पास आता दिखा।
फायर करते हुए वह साथी की बाइक पर भागा। सीसीटीवी में युवक 30-32 वर्ष का पतला-दुबला दिख रहा है लेकिन उसे अभी कोई पहचान नहीं पा रहा है। कैमरे भी अच्छी क्वालिटी के नहीं होने से आरोपितों की बाइक के नम्बर भी स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम के मुख्य सूत्रधार नरेशगिरी के पकड़ में आने के बाद ही पूरा खुलासा हो पाएगा। परिवादी ने फायरिंग के पीछे हिरणमगरी माली कॉलोनी में 15 करोड़ की बेशकीमती जमीन का विवाद बताया था।
READ MORE : कोर्ट कमिश्नर को ही उल्लू बनाने चला था उदयपुर का ये वार्ड बॉय, पूछा स्ट्रेचर और व्हील चेयर कहां है? बोला- मरीज ले गए…
आरोपित को भेजा जेल
कानोड़. थाना पुलिस ने मंगलवार को चोरी के आरोपी पीपलीखेड़ा थाना डूंगला निवासी श्यामलाल पुत्र नाथूलाल भील को गिरफ्तार किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। थानाधिकारी गजसिंह सिसोदिया ने बताया कि अमरपुरा जागीर निवासी रामेश्वरलाल पुत्र उदयलाल जाट ने रिपोर्ट में बताया कि गत दिनों उसके वाहन की स्टेफनी, डिस्क चोर चुरा ले गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पीपलीखेड़ा थाना डूंगला निवासी श्यामलाल पुत्र नाथूलाल भील की पहचान हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने चोरियां कबूल ली। आरोपी की निशानदेही पर स्टेफनी और डीस्क खरीदने वाले हीरालाल पुत्र भेलीराम रेगर निवासी रेगर मोहल्ला बांसी थाना बड़ीसादड़ी से बरामद की। पुलिस ने आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। मोटसाइकिल चोरी होने का मामला हिरणमगरी उदयपुर थाने में दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
Published on:
30 May 2018 02:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
