
उदयपुर. शहर में शुक्रवार सुबह हल्के बादल छाए रहने के बावजूद सूर्य के रौद्र रूप ने तपिश बढ़ा दी। गर्म हवा के झोंकों से खुले में रहना मुश्किल था। दोपहर दो बजे बाद आसमान पर काले घने बादल घिर आए और तेज हवा चलनी शुरू हुई। इसके बाद दस से पन्द्रह मिनट तक कहीं तेज तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हुई। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और गर्मी से कुछ राहत मिली।
गौरतलब है कि पछले कुछ दिनों से लगातार चढ़ रहा अधिकतम तापमान गुरुवार को 41 डिग्री पर पहुंच गया। गुरूवार दोपहर भी जबर्दस्त तपिश के बाद शहर में करीब दस मिनट तक तेज बौछारें गिरी। इससे शाम को मौसम सुहाना हो गया, मगर उमस का अहसास बढ़ गया। डबोक स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।