उदयपुर के वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर दीपाल सिंह कालरा, रोहित द्विवेदी, शरद अग्रवाल एवं राजकुमार ने शाहीन फाल्कन प्रजाति के शिकारी पक्षी को देखा व तस्वीरें ली। इससे पहले राजस्थान में इस पक्षी ने सिर्फ पाकिस्तान बॉर्डर के समीप जैसलमेर, बाड़मेर जिले एवं जयपुर संभाग में उपस्थिति दर्ज कराई थी। बारबरी शाहीन, रेड नेप्ड शाहीन,अरेबियन शाहीन के नाम से भी जाने जाना वाले इस पक्षी का सिर थोड़ा हल्की लाली लिए होता है, 13-15 इंच लंबाई एवं पंखों से 30-38 इंच के फैलाव वाला पक्षी है। छोटे से बड़े होने के उम्र काल में इस पक्षी के पंख और पीठ भूरे से आसमानी सलेटी रंग के हो जाते हैं। 300 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आसमान से जमीन पर झपट्टा मार कर शिकार करने वाला यह पक्षी दुनिया के सबसे तेज उड़ने वाला आसमान का सरताज हैं। आसमान में उड़ता पंछी हो या जमीन पर, इस शिकारी पक्षी की तेज गति, मजबूत पंजे और तेज नजरें इसे एक माहिर शिकारी बनाते हैं। वैसे तो इस शिकारी पक्षी की नजदीकी प्रजाति ब्लैक शाहीन भारत में कई राज्यों में नजर आती हैं, परंतु रेड केप्ड शाहीन आमतौर पर ठंडे सूखे स्थानों जैसे मंगोलिया, पूर्वी अफ्रीका, मध्य पूर्व के देश, अफगानिस्तान, पाकिस्तान जैसे देशों से भारत के रेगिस्तानी इलाकों में शीतकालीन प्रवास करता है।