
सफाई कर्मचारियों के पद पर नियुक्ति नहीं होने से स्थानीय अभ्यर्थियों ने किया कानोड़ नगरपालिका में जमकर हंगामा
कमलाशंकर श्रीमाली/उदयपुर. जिले के कानोड़ नगर पालिका में जहां स्थानीय अभ्यर्थियों की सफाई कर्मचारियों के पद पर नियुक्ति नहीं होने से स्थानीय लोगों ने नगरपालिका के बाहर जमकर हंगामा खड़ा कर दिया है। वहीं नियुक्ति पत्र लेने आये अन्य शहरों के नव नियुक्त कर्मचारियों को नगर पालिका से स्थानीय ने भगा दिया है । स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ने स्थानीय लोगों को तवज्जो नहीं देते हुए बाहर के कर्मचारियों को नियुक्ति दी जिससे उनकी रोजी रोटी छीन ली गई है। करीब 100 से अधिक स्थानीय लोग नगरपालिका पहुंच गए व हंगामा खड़ा कर दिया । हंगामे को देखते हुए पालिका अध्यक्ष अनिल शर्मा भी चले गए हैं वही पार्षद भी इधर उधर घूम रहे हैं। लोग नगरपालिका के अंदर व बाहर जमकर हंगामा कर रहे हैं व नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं लोग सरकार, नगर पालिका एवं विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। गौरतलब है कि नगरपालिका में 39 सफाईकर्मियों की नियुक्ति की गई है जबकि केवल 7 कोर्मचारी स्थानीय लिए गए हैं इससे लोगों का विरोध बढ़ गया।
3 दिनों से सौ गांव में बिजली आपूर्ति गड़बड़ाई
कुराबड. ब्लॉक में पिछले 3 दिनों से सौ गांव में बिजली आपूर्ति गड़बड़ाई हुई है। जिले के कुराबड ब्लॉक के करीब 100 से अधिक गांव में पिछले 3 दिनों से बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति पूरी तरह गड़बड़ा गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रात को अचानक बिजली कट जाती है जो दिन में भी पूर्ण रूप से सुचारु नहीं हो पाती है। कुछ देर चालू होती है फिर से वापस रात में बिजली कट जाती है।ऐसे में रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है तथा बारिश के मौसम में मच्छरों से भी परेशानी होती है। मोटर नहीं चल पाती है जिसे पानी की समस्या है तथा मोबाइल भी डिस्चार्ज हो गए जिस से संपर्क कट जाते हैं। दूसरी ओर आटा चक्की बिजली चालित कार्य आदि भी प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि मेंटेनेंस और मौसम में रखरखाव के नाम पर गर्मी में कई घंटे बिजली कटौती की जाती है लेकिन जो हल्की सी बारिश शुरू हुई और बिजली गड़बड़ आना शुरू हुआ। इस संबंध में बिजली अधिकारियों का कहना है कि बंबोरा पावर हाउस पर बार-बार ट्रिपिंग की वजह से बिजली आपूर्ति बहाल करने में समस्या हुई है फाल्ट ढूंढा गया है और अब हेड ऑफिस क्लियर करने के बाद देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Published on:
16 Jul 2018, 2:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.