उदयपुर. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में दल ने सीजन की पहली कार्रवाई करते हुए बुधवार को मिलावट के संदेह में 280 किलोग्राम मावा पकड़ा। मावे के नमूनों की जांच तक इसकी बिक्री नहीं करने के लिए व्यापारी को पाबंद किया गया। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि धौलपुर से बड़ी मात्रा में मावा उदयपुर आ रहा है। इस पर वे (सीएमएचओ), खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनन्द चौधरी व टीम मौके पर छापा मारने पहुंची। भोपालवाड़ी स्थित लक्ष्मी मावा दुकान पर धौलपुर से आए 280 किलो मावे के नमूने लिए तथा कृष्णा कम्पनी के हलवे के नमूने लिए। लक्ष्मी मावा के दुकानदार को पाबन्द किया कि जांच रिपोर्ट आने तक मावे की बिक्री नहीं कर इसे सुरक्षित रखा जाए। इसके बाद टीम ने नारायण मावे की दुकान पर कार्रवाई की। यहां बीकानेर से आए मावे के नमूने लिए।