मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से करौली जिले की छात्रा भूमिका मीणा ने पूछा कि आप जादूगर हैं क्या ? इस पर गहलोत ने मुस्कराते हुए कहा कि आज तुमने मुझे फंसा दिया। छात्रा ने कहा कि कोई तो मिलना चाहिए ना सर आपको भी बातों में फंसाने वाला, तो मुख्यमंत्री ने छात्रा से पूछा कि किसने उसे ये बताया कि मैं जादूगर हूं, उन्होंने पूछा कि क्या किसी शिक्षक ने कहा, अखबार में पढ़ा या सोशल मीडिया से तुम्हें ये पता चला... इस पर छात्रा ने कहा कि आप तो बताइए ना कि आप जादूगर हैं या नहीं।उदयपुर के नगर निगम सभागार में बुधवार को विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छात्रा भूमिका के इस सवाल का सहज भाव से जवाब देते हुए कहा कि उनके पिता जादूगर भी थे, वह नगरीय निकाय में अध्यक्ष थे और जादू भी दिखाते थे। वह ठेकेदार भी थे। जब वह जादू के शो करने जाते थे, तो वह भी पिता के साथ जाते थे। उन्होंने बताया कि वह जापान, हांगकांग भी गए। हांगकांग में वर्ल्ड सरप्राइज शो में दुनियाभर के जादूगर आए थे। हालांकि उन्होंने कोई बडे जादू तो नहीं किए, लेकिन कई बार हिस्सा लिया, कॉलेज में जादू जरूर दिखाया। इस पर छाप पड़ गई कि वह जादूगर हैं। कई बार बजट घोषणा के बाद जब नेता पूछते थे कि ये लागू कैसे होगा तो इस पर मैंने उत्तर दिया कि जादू से। इसलिए सभी जादूगर कहने लगे।