उदयपुर. दिल्ली स्थित अनाज मंडी हो या सूरत के कोचिंग सेंटर में आग की घटना। उसी परिप्रेक्ष्य में उदयपुर शहर की तंग गलियों की बात करें तो यहां भी आग पर नियंत्रण के लिए कोई पुख्ता प्रबंध फायर स्टेशन के पास नहीं है। नगर निगम भी पहले से ही चिंतित था कि तंग गलियों में आग पर नियंत्रण के लिए कोई प्रबंधन किया जाए लेकिन अभी तक उस पर कोई रास्ता नहीं निकाला गया है।
रविवार को दिल्ली स्थित अनाज मंडी में आग की घटना की तस्वीरें देखने के बाद चिंता बढ़ गई है। भगवान न करें कि उदयपुर में भी ऐसा कुछ हो, लेकिन अगर ऐसा हो जाए तो यहां भी आग बुझाने को लेकर कोई पुख्ता प्रबंध तंग गलियों के लिए नहीं है। भीतरी शहर के अंदर घंटाघर, गणेशघाटी, भंडारियों की घाटी, नानी गली, भदेसर का चौक, कसारों की ओल, वारियों की घाटी, खेमण घाटी, सुथारों की घाटी, रावजी का हाटा, सोलंकियों की घाटी, घाणेराव की घाटी, कोलपोल, जडिय़ों की ओल, जाटवाड़ी अंदर की तरफ, दशोरा की गली, मालदास स्ट्रीट, बोहरवाड़ी, मंडी की नाल, सिंधी बाजार के आसपास की तंग गलियों जैसे इलाकों में दमकल नहीं जा सकती है।