
भुवनेश पण्ड्या / उदयपुर . भारतीय प्रबंध संस्थान उदयपुर (आईआईएमयू) के छात्र को सर्वाधिक 53 लाख रुपए का वार्षिक वेतन का अन्तरराष्ट्रीय ऑफर मिला है। ये न सिर्फ उदयपुर बल्कि देश व प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि संस्थान ने फिलहाल अपनी फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट (2016-18) में उस विद्यार्थी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। संस्थान जल्द ही उसका नाम भी जारी करेगा।
संस्थान के पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम के फाइनल प्लेसमेंट में टॉपर को विदेशी कंपनी ने 53 लाख का ऑफर दिया है, वहीं एक घरेलू भारतीय कंपनी ने सर्वाधिक 19.5 लाख रुपए सालाना का ऑफर दिया है। टॉप 2 टू10 विद्यार्थियों को सालाना 18.88 लाख रुपए, इसके बाद टॉप 25 को 16.90 लाख सालाना, टॉप 50 को सालाना 15.36 लाख रुपए का पैकेज मिला है। सभी को मिलाकर देखा जाए तो औसतन 11.16 लाख रुपए वार्षिक वेतन का ऑफर विद्यार्थियों को मिला है।
सैक्टर वार कार्य
- अन्तरिक्ष एवं रक्षा क्षेत्र - 3
- बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं व बीमा क्षेत्र- सर्वाधिक 53
- परामर्श सेवाएं- 7
- विकास सेवाएं- 4
- ई-कॉमर्स- 7
- शिक्षा- 7
- एफएमसीजी- 29
- स्वास्थ्य सेवा- 3
- सूचना तकनीकी- 34
- रसद सेवा- 2
- इंजीनियरिंग, ऊर्जा व विनिर्माण- 20
- मीडिया- 1
तीन बने एन्टरप्रेन्योर, 170 को कैंपस से मिला काम
आईआईएम के कुल 179 विद्यार्थियों के इस बैच में 170 का कैंपस के जरिए प्लेसमेंट हुआ है, जबकि दो ने स्वयं के स्तर पर काम तलाशा है। तीन विद्यार्थियों ने बतौर एन्टरप्रेन्योर खुद का काम शुरू किया है, वहीं दो ने पारिवारिक व्यवसाय में अपनी शुरुआत की है। 2 विद्यार्थियों ने आगे की पढ़ाई को जारी रखा है।
पांच अन्तरराष्ट्रीय कंपनियों के ऑफर
आईआईएमयू के विद्यार्थियों को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा, सूचना प्रौद्योगिकी सैक्टर में बड़े ऑफर मिले हैं। इसके अलावा पांच अन्तरराष्ट्रीय कंपनियों ने 12 छात्रों को बड़े ऑफर दिए हैं। यहां के विद्यार्थी संयुक्त अरब अमीरात, नाइजीरिया सहित देश के चारो बड़े महानगरों, बेंगलूरु, अहमदाबाद, बिहार, कोचिन, गुडग़ांव, हैदराबाद, जमशेदपुर, कोलकाता, नोएडा, पुणे, राजस्थान व उत्तरप्रदेश में यहां के विद्यार्थियों को कंपनियों ने फाइनल ऑफर दिया है। समर प्रशिक्षण के बाद इन विद्यार्थियों को ये ऑफर मिले हैं।
Published on:
8 May 2018, 2:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.