
उदयपुर। लम्बे अंतराल के बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून कुछ ही जिलों पर मेहरबान है। इस बीच मौसम विभाग केंद्र जयपुर ने सोमवार को 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं मंगलवार को 11 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार आज बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, टोंक और उदयपुर में बारिश हो सकती है। वहीं अगले दिन यानी मंगलवार को भी बारां, भरतपुर, बूंदी, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, टोंक और उदयपुर में बारिश की संभावना जताई है। उधर उदयपुर की बात करें तो ए मानसून में एक दिन बरसात के बाद फिर दो दिन सूखे बीत गए। ऐसे में फिर तापमान में बढ़ोतरी होने लगी। रविवार को दिनभर उमस भरे मौसम ने आहत किया।
उदयपुर जिले में शुक्रवार को तेज बरसात हुई थी, लेकिन शनिवार को फिर दिन सूखा बीत गया। रविवार को भी दिन में बादल छाए, लेकिन बरसात नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 25 डिग्री रहा था। लिहाजा दिन में आधे डिग्री और रात में 0.2 डिग्री की बढ़त हुई है।
मौसमविद् प्रो.नरपतसिंह राठौड़ बताते हैं कि तीन दिन पूर्व मानसून का पांचवां दौर शुरू हुआ, जिसमें कहीं अच्छी तो कहीं खंडवर्षा हुई। फिर से हल्की पश्चिमी हवाओं के चलने से मानसून का यह दौर भी कमजोर पड़ गया है। उम्मीद है कि अगले तीन दिनों में बरसात हो सकती है।
Published on:
11 Sep 2023, 1:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.