
खेत पर काम करते हुए महिला को सांप ने डंसा तो झोली में डालकर यों लेकर गए अस्पताल, बीच रास्तेे ही तोड़ा दम
गौतम पटेेेल/ सराड़ा. क्षेत्र की कलात ग्राम पंचायत के बामणिया निवासी चौखी देवी (55) पत्नी वक्ता मीणा घर के पास ही स्थित खेत में बोई फसल की साफ सफाई करने सुबह करीब 7 बजे पहुुंची। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। महिला की चिल्लाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े व महिला को लेकर घर पहुंचे। वहां से उसके परिजन झोली में डाल कर करीब चार किमी. दूर पहाडिय़ों से होते हुए पैदल खाखादर्रा पहुंचे। वहां से 108 एम्बुलेंस से महिला को देवपुरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रैफर किया गया। इस बीच उदयपुर पहुंचने से पहले ओड़ा गांव में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन सराड़ा सीएचसी शव लेकर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कई बार गुहार, नहीं बनी सडक़
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गांव तक सडक़ बनाने की गुहार की गई लेकिन सुनवाई नहीं होने से मरीजों को ले जाने में परेशानी होती है। साथ ही मरीज की जान पर भी खतरा मंडराया रहता है।
गोगुन्दा. इधर, सायरा पंचायत के तरपाल गांव में सर्पदंश से फूली कुंवर (70) पत्नी नाथूसिंह राजपूत की मृत्यु हो गई। वृद्धा अपनी बेटी से मिलने विसमा गई थी। खेतों में काम कर रही बेटी से मिलने के दौरान उसे सांप ने डस लिया। बाद में तरपाल में रह रहे पुत्र रामसिंह को घटना की सूचना दी गई। वृद्धा को सायरा चिकित्सालय लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार
उदयपुर. सूरजपोल थाना पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन करते एक युवक को गिरफ्तार किया। हैड कांस्टेबल ओमवीर ने बताया कि मुल्लाजी चौक धोली बावड़ी निवासी साहिल खान उर्फ छुटकू पुत्र महमूद खान को अशोका सिनेमा के सामने अंग्रेजी शराब की 13 बोतल सहित पकड़ा। पूछताछ पर संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
Published on:
14 Jul 2018, 7:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.