
उदयपुर . सेना के एक जवान की गुमशुदगी पुलिस व सेना के बीच अनसुलझी गुत्थी बनकर रह गई है। एक माह से अधिक समय होने के बावजूद पुलिस एकलिंगगढ़ छावनी में तैनात 12वीं राज राइफल बटालियन के जवान विक्रमसिंह को ढूंढ नहीं पाई है। सेना के सभी प्रयास भी विफल रहे। मंगलवार को परिजनों व रिश्तेदारों ने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर ज्ञापन दिया।
एकलिंगगढ़ छावनी में तैनात महरोली श्रीमाधोपुर (सीकर) निवासी विक्रमसिंह पुत्र भंवरसिंह के लापता होने के बाद परिजनों ने भी अपने स्तर पर ढूंढने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजनों का कहना है कि विक्रम घर से सही सलामत निकला था। उसके सिर में चोट कहां से लगी, जो उसे पट्टी करवाई गई थी। संभवत: उसके साथ किसी ने मारपीट की थी। पुलिस ने इस संबंध में साक्ष्य जुटाते हुए अस्पतालकर्मियों के बयान लिए लेकिन कोई नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।
इधर, जवान के लापता के बाद से उसकी गर्भवती पत्नी व मां की हालत काफी खराब है। गौरतलब है कि विक्रमसिंह गत २९ अक्टूबर को शाम ७.३० बजे अपनी बाइक से अपने सरकारी आवास से यूनिट जाना बताकर निकला था, लेकिन रात ११ बजे तक नहीं लौटा। पत्नी पूनम कंवर ने आसपास से पूछताछ के साथ ही यूनिट्स से सम्पर्क किया तो उन्होंने वहां आने से मना कर दिया। यूनिट वालों की सहायता से परिजनों ने उसकी तलाश की, जिस पर उसके गेट से बाहर जाने का पता चला। अगले दिन तक पता नहीं चलने पर गांव से परिजन भी उदयपुर पहुंच गए। उन्होंने जवान की सभी जगह तलाशी की लेकिन उसका अब तक पता नहीं चला।
सीबीआई से जांच की मांग
जवान के पिता भंवरसिंह शेखावत ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की। वहीं अखिल भारतीय राजपूत समाज के अध्यक्ष प्रभुसिंह चौहान ने कहा कि विक्रमसिंह शेखावत एक माह से लापता है और पुलिस में एफआर्ईआर दर्ज है। परिजन परेशान हैं। पुलिस-प्रशासन को इस मामले को और गंभीरता से लेना चाहिए। फौजी को ढंूढ कर परिजनों को राहत दिलानी चाहिए। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
Published on:
29 Nov 2017 10:24 am
