
मंदिर समिति ने तैयारी शुरू कर दी
उज्जैन में इन दिनों महाकाल के भक्तों की भीड़ लगी हुई है। 2023 की विदाई और नए साल का स्वागत करने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भक्तों की भीड़ और बढ़ेगी। इसको लेकर मंदिर समिति ने तैयारी शुरू कर दी है।
मंदिर में भूमिगत टनल बनाया जा रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार इसका काम अब तेज कर दिया गया है। भीड़ बढ़ने पर महाकाल के दर्शन के लिए भक्तों को यहीं से प्रवेश दिया जाएगा। टनल की छत का काम पूरा कर इसपर पीवीसी शीट लगाई जा रही है।
मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी के अनुसार टनल का काम लगभग पूरा हो चुका है। 25 दिसंबर तक शेष काम भी पूर्ण कर लिया जाएगा। भक्तों को महाकाल का दर्शन कराने इसी टनल का उपयोग होगा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को आपातकालीन द्वार के पास के नए निर्गम मार्ग से बाहर निकाला जाएगा।
25 दिसंबर से महाकाल दर्शन के लिए मंदिर में भीड़ तेजी से बढ़ेगी। 4 जनवरी तक महाकाल मंदिर में जनसैलाब उमड़ता रहेगा। इन दस दिनों में यहां करीब 50 लाख भक्तों के आने का अनुमान है। इस को देखते हुए मंदिर में व्यापक तैयारियां की जा रहीं हैं। दर्शन व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए प्रबंध समिति की बैठक भी होगी।
शनिवार रविवार को अधिक भीड़
महाकाल दर्शन करने देशभर से श्रद्धालु उज्जैन आ रहे हैं। शनिवार रविवार को तो यहां दो ढाई लाख भक्त महाकाल पहुंच रहे हैं। भक्तों की भीड़ से महाकाल लोक के रास्तों पर जाम लग रहा है।
Published on:
12 Dec 2023, 3:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.