उज्जैन. वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करना कितना खतरनाक हो सकता है इसका उदाहरण सोमवार सुबह देखने को मिला। ईयर फोन लगाकर स्कूटी चला रही युवती ने १० साल के बालक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बालक की टांग टूट गई और युवती भी घायल हो गई। दुर्घटना के बाद बालक के परिजनों ने युवती को पीट दिया। मामले में चिमनगंज मंडी पुलिस ने युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
शिवांश पैराडाइज कॉलोनी में रहती है
नागदा निवासी गरिमा शर्मा मक्सी रोड स्थित शिवांश पैराडाइज कॉलोनी में रहती है। वह आरडी-गार्डी मेडिकल कॉलेज में कर्मचारी है। सोमवार सुबह वह घर से कॉलेज जाने के लिए स्कूटी से निकली। इसी दौरान सड़क पार कर रहे सांदीपनि नगर निवासी १० वर्षीय आदित्य पिता नागेश राठी को उसने टक्कर मार दी। दुर्घटना में आदित्य को गंभीर चोट पहुंची और गरिमा भी घायल हो गई। दुर्घटना के बाद आदित्य को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया गया। आदित्य का उपचार फ्रीगंज के निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी टांग में फ्रैक्चर है।
दुर्घटना के बाद दादी ने पीटा दुर्घटना के बाद घर से बाहर आई आदित्य की दादी ने गरिमा के साथ मारपीट कर दी। दादी का आरोप था कि गरिमा ने ईयर फोन लगा रखे थे और वह तेज गति में स्कूटी चला रही थी, जिस वजह से एक्सीडेंट हुआ है। मारपीट की शिकायत गरिमा ने थाने में की है। थाने में शिकायत करते वक्त भी गरिमा के गले में ईयर फोन लटका हुआ था।
पैर में डली रॉड, ६० हजार का खर्च नागेश राठी ने बताया कि गरिमा बेहद तेज गति से गाड़ी चला रही थी। दुर्घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने भी उसी की गलती बताई। आदित्य का शाम को ऑपरेशन किया गया। उसके पैर में रॉड डाली गई है। अब तक ६० हजार रुपए खर्च हो गए हैं।
जुर्माने का है प्रावधान गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल पर बात करना प्रतिबंधित है। इसके लिए यातायात में जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन यातायात पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाती है, जिसके चलते वाहन चालक बेझिझक मोबाइल पर बात करते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। खास बात तो ये है कि मोबाइल पर बात करते वक्त हर रोज वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बावजूद यातायात पुलिस सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रही है।
युवक की हो चुकी है मौत ११ दिसंबर को मोबाइल पर बात कर रहा युवक चामुंडा माता चौराहे पर दुर्घटना का शिकार हो गया था। युवक मोबाइल पर बात करते-करते अचानक बस के नीचे आ गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।