
अस्पताल प्रबंधन ने मनाया कोरोना पॉजिटिव बच्ची का पहला जन्मदिन, कलेक्टर ने कही ये बात
उज्जैन/ मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में कोरोना वायरस लगातार अपने पाव पसारता जा रहा है। हालांकि, चिकित्सक भी इस जानलेवा महामारी से लोगों को सुरक्षित रखने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। एक तरफ जहां ये अपनी जान पर खेलकर लोगों को इस संक्रमण से बचाने में जुटे हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ संक्रमित लोगों के लिए इस दुख की घड़ी में कुछ पल खुशियों को संजोने में भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक खुशियों भरा नजारा देखने को मिला उज्जैन के आरडी गार्डी मेडिकल अस्पताल में जहां इलाज के साथ साथ अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना पॉजिटिव बच्ची के पहले जन्मदिन मनाया।
19 जून को था बच्ची का पहला जन्मदिन
बता दें कि, शहर में रहने वाली एक बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, जिसे बीते दिनों शहर के आरडी गार्डी मेडिकल अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया था। यहां चिकित्सकों की कड़ी देखरेख में बच्ची काफी तेजी से संक्रमण से रिकवरी भी कर रही है। इसी बीच बीते 19 जून को बच्ची का पहला जन्मदिन भी था। जिसे अस्पताल प्रबंधन ने भी पूर्णत महत्व दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से ही बच्ची का पहला जन्मदिवस मनाया गया। अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुधाकर वैद्य ने विशेष रूप से बच्ची के लिए खुद केक बुलवाया और उसे काटकर बच्ची को लंबी उम्र की शुभकामनाएं दीं।
इस संबंध में उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने भी अस्पताल प्रबंधन के कार्य की सराहना की। उन्होंने अस्पताल में मनाए गए बच्ची के जन्मदिन की एक तस्वीर उज्जैन कलेक्टर के आधिकरिक ट्विटर हैंडल पर जारी करते हुए लिखा कि, 'कोरोना का इलाज करा रही बच्ची के प्रथम जन्मदिवस पर आरडी गार्डी मेडिकल अस्पताल प्रशासन ने गत 19 जून को बच्ची के साथ जन्मदिन मनाया। डॉ सुधाकर वैद्य ने विशेष रूप से बच्ची के लिए केक बुलवाया और केक काटकर उसे शुभकामनाएं दी।' उन्होंने दुख की इस घड़ी में बच्ची के जन्मदिवस की खुशियां मनाने को सराहनीय बताया, साथ ही अस्पताल प्रबंधन के इस कदम की तारीफ भी की।
पढ़ें ये खास खबर- रिसर्च: नाक के जरिए दिमाग में पहुंचकर ऐसे नुकसान करता है कोरोना वायरस
आपको बता दें कि, उज्जैन में सोमवार शाम को भी कोरोना के 5 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 844 हो चुकी है। जिले में अब तक 69 मरीज अपनी जान गवा चुके हैं। साथ ही, 687 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि, शहर में अब भी 88 एक्टिव केस हैं।
Published on:
22 Jun 2020, 11:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.