उज्जैन. विक्रम विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी साइंस विभाग के प्रोफसर अनिल कुमार जैन ने दिवंगत शोधार्थी कीर्तिबाला जैन से फेसबुक के माध्यम से माफी मांगी है। पोस्ट के अनुसार पीएचडी पाठ्यक्रम के दौरान कीर्तिबाला को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। उन्होंने गंभीर बीमारी के बावजूद संघर्ष कर पीएचडी पाठ्यक्रम पूरा किया, लेकिन वह दीक्षांत के मंच से डिग्री लेने से पहले दुनिया छोड़ गई। कीर्तबाला के जीवन का संघर्ष तो खत्म हो गया, लेकिन विश्वविद्यालय से जुड़ी उनकी समस्या खत्म नहीं हुई। इस समस्या से अब उनका परिवार जूझ रहा है। दरअसल, कीर्तिबाला का एआरएफ (सीनियर रिसर्च स्कॉलरशिप) का लाखों रुपए विवि पर बकाया है। यह भुगतान करवाने के लिए अनिल जैन ने काफी प्रयास किए, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते एेसा नहीं हो सका। शोधार्थियों की एेसी तमाम समस्याओं को लेकर अनिल जैन ने उनसे क्षमा मांगी है। साथ ही शोधार्थियों को न्याय दिलाने में सक्षम लोगों से आगे आने की अपील की है।