24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘ट्वीट करने के लिए पैसे मिलते हैं’ शिवपाल यादव ने सुभासपा चीफ को लेकर बोली बड़ी बात, केशव मौर्य को भी घेरा

Shivpal Yadav Statement: यूपी की राजनीति में गरमाया माहौल। शिवपाल यादव ने ओम प्रकाश राजभर को दी खुली चुनौती, बोले- 2027 में विधानसभा का मुंह नहीं देख पाएंगे सुभासपा चीफ। केशव मौर्य पर भी कसा तंज। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Google source verification

लखनऊ

•

image

Pratiksha Gupta

•

Jun 18, 2026

Shivpal Yadav

शिवपाल यादव ने सुभासपा चीफ को लेकर बोली बड़ी बात | फोटो सोर्स- patrika.com

UP Political News: उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों बयानों की जोरदार जंग चल रही है। सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधा है। शिवपाल यादव ने राजभर को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि राजभर अगले चुनाव में विधानसभा का मुंह भी नहीं देख पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर भी हमला बोला।

'झूठ बोलने और ट्वीट करने के पैसे मिलते हैं'

ओम प्रकाश राजभर के दावे पर पलटवार करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग सिर्फ झूठ फैलाने का काम करते हैं। वे समय-समय पर ऐसी राजनीतिक साजिशें रचते रहते हैं।

राजभर पर तंज कसते हुए शिवपाल यादव ने आगे कहा कि मुझे तो लगता है कि उन्हें सोशल मीडिया पर ट्वीट करने के पैसे मिलते हैं, इसीलिए वे इस तरह की झूठी बातें करते हैं। पूरे यूपी में आज कोई भी ओम प्रकाश राजभर को गंभीरता से नहीं लेता है। वे सिर्फ अपनी टीआरपी बढ़ाने और चुनाव में सीटें पाने के लिए ऐसी अफवाहें उड़ा रहे हैं। शिवपाल ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद या नेता पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जाने वाला है।

केशव प्रसाद मौर्य, अपना विभाग तो चला नहीं पाते

शिवपाल यादव ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दावों को भी हवा-हवाई बताया। सपा के सांसदों को तोड़ने के दावे पर जवाब देते हुए शिवपाल ने कहा कि केशव मौर्य खुद अपनी जीत के लिए सही समीकरण नहीं बना पाते, वो भला सपा के सांसदों को क्या तोड़ेंगे? सपा नेता ने कहा कि केशव मौर्य से अपना खुद का विभाग तो संभलता नहीं है। वे न तो अधिकारियों के ट्रांसफर करा सकते हैं और न ही पोस्टिंग। उन पर खुद उनकी पार्टी के लोग भरोसा नहीं करते। समाजवादी पार्टी उन्हें पहले भी कई बार हरा चुकी है।

बीजेपी सिर्फ बातें करना जानती है- शिवपाल यादव

शिवपाल यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी समाज के हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा कि आने वाला चुनाव अखिलेश यादव की अगुवाई में लड़ा जाएगा और यूपी में सपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मेहनत करने के बजाय सिर्फ बड़ी-बड़ी बयानबाजी करने में लगी है। अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े विवादों पर बात करते हुए शिवपाल ने कहा कि बीजेपी ने वहां जो भी राजनीति की है, उसकी सच्चाई अब सब लोग जान चुके हैं। जनता अब समझदार हो गई है और आने वाले चुनावों में वह अपने वोट से बीजेपी को करारा जवाब देगी।