वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक आरोपी ने जेल से छूटने के बाद एक छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया। आरोपी युवक की हरकत से सकते में आई छात्रा ने अपने परिवार को जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक की हिस्ट्री चेक की तो कई अन्य मुकदमे उसके नाम पर सामने आए। दरअसल, लक्सा थाने का हिस्ट्रीशीटर जद्दूमंडी निवासी सोनू प्रजापति मनबढ़ किस्म का शोहदा है। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। सोनू के खिलाफ वर्ष 2018 में पहला मुकदमा लक्सा थाने में अश्लील आचरण के आरोप में दर्ज किया गया। उसकी करतूतों के कारण ही फिर उसके खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। इसके बाद भी उसमें कोई सुधार नहीं आया। जिस छात्रा की मांग में बृहस्पतिवार को जबरन सिंदूर डाला, उसी से छेड़खानी के आरोप में उसके खिलाफ लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। जमानत पर छूटने के बाद भी सोनू की हरकतों में सुधार नहीं आया। उसके खिलाफ फिर पुलिस ने गुंडा एक्ट और मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की। उधर, पीड़िता छात्रा की मां ने लक्सा थाने में कहा कि मनबढ़ सोनू की करतूतों से हम सभी उससे दूर भागते हैं, इसके बावजूद वह हमारी बच्ची के पीछे हाथ धोकर पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सोनू की हरकत से उनका परिवार किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहा। पीड़ित छात्रा की मां ने सवाल किया कि क्या वह इतना ताकतवर है कि उसके अंदर कानून का थोड़ा सा भी भय नहीं है? ऐसे ही चलेगा तो सामान्य परिवार के लोग अपनी बहन-बेटियों की रक्षा भला कैसे करेंगे।