27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

वाराणसी
पहले से ध्वस्त ट्रैफिक सिस्टम के और बदहाल होने के आसार, इस नवरात्रि देवी दर्शन होगा और मुश्किल
Play video
Hindi News / Uttar Pradesh / Varanasi / Videos / पहले से ध्वस्त ट्रैफिक सिस्टम के और बदहाल होने के आसार, इस नवरात्रि देवी दर्शन होगा और मुश्किल

पहले से ध्वस्त ट्रैफिक सिस्टम के और बदहाल होने के आसार, इस नवरात्रि देवी दर्शन होगा और मुश्किल

रोज हो रहे नए प्रयोग, नहीं मिल रही जाम से निजात। सौ-दो सौ मीटर की दूरी पूरी करने में लग जा रहे घंटों।
Follow Patrika on Google News
Google source verification

वाराणसी

•

image

Ajay Chaturvedi

•

Updated: 9 Oct 2018, 1:20 PM IST

वाराणसी. शहर के बदहाल ट्रैफिक सिस्टम से अब लोगो को झुंझलाहट पैदा होने लगी है। हर दिन वही समस्या। चाहे जिधर से गुजरे रास्ता जाम। एक तो तल्ख धूप ऊपर से जाम। घंटों लाइन में लगे हैं। पेट्रोल व डीजल का धुआं अलग से जा रहा फेफड़ों में। कितना भी जरूरी हो आप समय से नहीं पहुंच सकते। ये हाल किसी एक मार्ग का नहीं बल्कि अब तो पूरा शहर ही जाम की चपेट में आ गया है। ऐसे में इस नवरात्र में तो सड़कों पर निकलना और भी दुश्वारी भरा होगा। खास तौर पर उन मार्गों पर जहां सड़कों पर ही पूजा पंडाल बनते हैं। दूसरे जनवरी में प्रस्तावित विश्व अप्रवासी सम्मेलन में जब दुनिया भर के लोग जुटेंगे तो यह जाम कहीं शर्मशार न कर दे।

सड़क जाम और वाराणसी अब एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं। गली हो या सड़क हर तरफ जाम, जाम और जाम। लोग तिलमिला जा रहे हैं। स्कूली बच्चों का बुरा हाल है। ऐंबुलेस में सवार गंभीर से गंभीर मरीज क्यों न हो, क्या करे चालक। रास्ता मिले तब तो अस्पताल तक पहुंचाए मरीज को। इधर ट्रैफिक पुलिस है कि रोज एक नया प्रयोग। सबसे सरल प्रयोग ये कि जहां भी जाम ज्यादा दिखता हो, वहां का रास्ता ही बंद कर दिया जाए। अरे ये गलियों का शहर है बनारस। एक मुख्य मार्ग से जुड़े दर्जनों रास्ते हैं, हर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर एक रास्ता मुख्य मार्ग से जुड़ता है। पुरनिये बताते हैं कि इन संपर्क मार्गों से फायदा यह होता था कि कहीं भी जाम नहीं लगता था लोग आसानी से मुख्य मार्ग पर पहुंच कर आगे निकल जाते थे। अब सारे संपर्क मार्गों को बंद करने से हो यह रहा है कि एक निश्चित स्थान पर भयंकर जाम लग रहा है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है। बुजुर्ग नागरिकों का कहना है कि रास्ता बंद करना समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
लेकिन यातायात पुलिस है की उसने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रयोगशाला में तब्दील कर दिया है। रोज एक नया प्वाइंट बन नजर आने लग रहा है जाम का। अब इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है। ये सामान्य दिनों की बात हैं। अब त्योहारी सीजन आ रहा है। दशहरा से लेकर देव दीपावली तक शहर में फ्लोटिंग पापुलेशन का दबाव कहीं ज्यादा होगा। ऐसे में शहर रेंगता सा नजर आएगा।

दशहरा सामने है, कई स्थानों पर वर्षों से सड़कों पर ही पूजा पंडाल बनाए जाते हैं। ऐसे में मौजूदा ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था में ये पूजा पंडाल वाले रास्तों से गुजरना और भी मुश्किल होगा, चाहे वह नदेसर हो, चेतगंज हो, भेलूपुर हो, सिगरा-महमूरगंज हो, पांडेयपुर का इलाका हो। हर तरफ तो सड़कों पर पूजा पंडाल बनते चले आ रहे हैं। ऐसे में इस नवरात्र ट्रैफिक सिस्टम की और भी दुर्गति होनी तय मानी जा रही है।

लोग तो यह भी कह रहे हैं कि जाम के लिए विकास के नाम पर जहां-तहां हो रही सड़कों की खोदाई भी कम जिम्मेदार नहीं है। चाहे वह सिगरा-आकाशवाणी मार्ग हो, भेलूपुर-कमच्छा मार्ग हो, गोदौलिया-लहुराबीर मार्ग हो। कहीं तो एक ऐसा सुगम रास्ता नहीं जहां से ट्रैफिक सरपट निकल सके। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस भी बेबस है। यही हाल रहा तो जनवरी में आयोजित होने वाला विश्व अप्रवासी सम्मेलन तो इस प्राचीन शहर को शर्मशार ही करेगा ऐसा अंदेशा अभी से लोगों को लगने लगा है।

जनवरी माह में भारतीय प्रवासी सम्मेलन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास कार्यों की पहली नुमाइश दुनिया के सामने होने जा रही है। ऐसे में जाम के झाम से कराह रही वाराणसी नगरी उपहास का कारण न बन जाए। इसे लेकर सरकार के बड़े अफसर भी चिंता व्यक्त कर चुके हैं। आम जनता तो जाम की समस्या से परेशान है ही।

आलम यह है कि वाहन एक स्थान पर घंटो खड़े रहते हैं। यातायात मानों थम सा गया है। सिगरा चौराहे की बात की जाए तो यह चौराहा शहर के अति महत्वपूर्ण चौराहों में से एक है. यह चौराहा शहर को चौतरफा जोड़ता है। लंका, रथयात्रा समेत बीएचयू अस्पताल को जाने वाले एंबुलेंस भी इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। इसके बाद भी यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यह नजारा सिर्फ सिगरा चौराहे का ही नहीं बल्कि शहर के रथयात्रा, चौकाघाट, गोदौलिया चौराहे का भी अमूमन यहीं हाल रहता है। जबकि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहती है इसके बाद भी वह जाम पर नियंत्रण पाने में असमर्थ रहते हैं।