
सीएम ने संचारी रोग अभियान का किया आगाज, कहा यूपी में न्यूनतम स्तर पर कोरोना, सोमवार से अस्पतालों में उपलब्ध होगी वैक्सीन
वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में संचारी रोग और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिमागी बुखार के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में हर साल हजारों लोग संक्रमित होते थे और सैकड़ों मौतें होती थीं लेकिन 40-45 वर्षों तक किसी ने इसका हालचाल नहीं लिया। प्रदेश के जिन 38 जिलों में दिमागी बुखार के मामले आते थे, हम उसे पूरी तरह नियंत्रित करने की तरफ बढ़ रहे हैं। वहीं उन्होंने यूपी में कोरोना के न्यूनतम स्तर को पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कोरोना को मात देने के बाद अब हम तमाम प्रकार की बीमारियों के खिलाफ भी एक नया अभियान प्रारंभ कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने मस्तिष्क ज्वर के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग बनाते हुए अभियान प्रारंभ किया।
सोमवार से वैक्सीन सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी की वजह से प्रदेश में वैक्सीन आई है। सोमवार से यह वैक्सीन सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में उपलब्ध होगी। प्रदेश में कोरोना के गिरते ग्राफ पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 10 महीने तक संक्रमण से जूझते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना वायरस से जीत की लड़ाई को आगे बढ़ाया है। देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश ने भी कोरोना को मात दी है।
इससे पहले लखनऊ से हेलीकॉप्टर से वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री इस दौरान पार्टी कार्यालय के उद्घाटन से लेकर कई प्रकार के आयोजनों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले चोलापुर पहुंचे तो उनके साथ अनिल राजभर भी मौजूद रहे। इस दौरान चोलापुर स्वास्थ्य केंद्र का उन्होंने जायजा लिया और ऐंबुलेंस को हरी झंडी भी दिखाई।
31 मार्च तक चलेगा अभियान
बता दें कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दिमागी बुखार और संचारी रोग की रोकथाम की जाएगी। इसके अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पांच विभाग मिलकर काम करेंगे। 31 मार्च तक चलने वाले अभियान में घर-घर जाकर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव आदि के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
Published on:
28 Feb 2021, 1:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.