10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वाराणसी
इस दिग्गज कांग्रेस नेता की CM योगी को चुनौती, असल संत हैं तो 8 किलो मीटर पैदल चल कर दिखाएं
Play video

इस दिग्गज कांग्रेस नेता की CM योगी को चुनौती, असल संत हैं तो 8 किलो मीटर पैदल चल कर दिखाएं

BJP पर हमला, कहा, गणेश जी को दूध पिलाने वाले काशी में उन्हीं का मंदिर तोड़ रहे।

Google source verification

वाराणसी. कांग्रेस ने रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया। इसी काशी में 2014 के लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी को चुनौती देने वाले पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने मलमास में पंचक्रोशी परिक्रमा की तो सीएम को भी परिक्रमा की याद आई। लेकिन वाह रे संत पंचक्रोशी परिक्रमा और वो भी लग्जरी गाड़ी से। पूरा प्रशासन लगा उनकी आगवानी में। उन्होंने ललकारते हुए कहा कि अगर वह असल संत हैं तो 84 छोड़ आठ किलोमीटर पैदल चल कर दिखाएं। वह इतने पर ही नहीं रुके, कहा कि ये बीजेपी के लोग जो कभी गणेश जी को दूध पिला रहे थे देश भर में आज काशी में गणेश जी का मंदिर तोड़ रहे हैं। ये है इनका हिंदूवादी चेहरा।

पूर्व विधायक ने सीएम योगी और बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मै पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि ये न तो धर्म के वफादार हैं न ही विकास का क ख ग आता है। उन्होंने उमा भारती को भी निशाने पर लिया और कहा कि उन्होंने कभी कहा था ये विकास नहीं विनाश पुरूष हैं लगता है उस वक्त उमा जी की जिह्वा पर सरस्वती जी बैठ गई थी। आज सच्चाई पूरे देश के सामने है। काशी की जनता प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र के बावजूद भी त्राहिमाम कर रही है वाराणसी शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विकास की जिम्मेदार सरकारी संस्थाओ मे अराजकता फैली हुई है। एक तरफ नगर निगम महापौर विकास करने कराने की जगह पार्षदों पर झूठे मुकदमे कराने के षडयंत्र मे आकंठ डूबी हैं। वहीं जिला परिषद अध्यक्षा और अपर मुख्य अधिकारी के बीच महीनों से चल रही खीचतान और तू-तू मै-मै अब एक दूसरे पर एफआईआर तक आ पंहुची है। सारे विकास के कार्य ताक पर रख दिये गए है जबकि हजारों करोड़ रुपये जो विकास के लिए आए वो जस के तस पडे हैं। बताइये कि इन हालातों मे वाराणसी मे कौन सा विकास हुआ आजतक। केवल झूठ और आंख में धूल झोकने का काम किया जा रहा है। इस नाकारी, निक्कमी व जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेकने तक हम कांग्रेसजन चैन से नहीं बैठेंगे।

चांदपुर स्थित सरस्वती महिला पी जी कालेज में आयोजित काशी विद्यापीठ ब्लाक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने कहा काशी को उद्योग-व्यापार एवं शिक्षा संस्थानों के विकास, सांस्कृतिक उन्नयन, शहरी और ग्रामीण विकास, गंगा के निर्मल एवं अविरल प्रवाह, रोजगार संवर्धन आदि जैसे जन आकांक्षा के महत्वपूर्ण मोर्चों पर एक भी ऐसा कार्य चार साल में नहीं हो सका जिससे अपूर्व और प्रधानमंत्री स्तरीय नेतृत्व मिलने का कोई आभास जनमत में दिखे। मुख्य मंत्री या केन्द्र में मंत्री पद पर छोटे छोटे कार्यकालों के भी स्व. पं. कमलापति त्रिपाठी एवं अन्य कांग्रेस नेताओं के कराये काम आज भी स्मारक की तरह वाराणसी में खड़े नजर आते हैं। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि हम कांग्रेसजन लगातार सडको पर हैं सरकार को घेरने का एक भी मौका नहीं छोड रहे न आगे छोडेंगे बस आप सभी कार्यकर्तागण पदाधिकारी गण अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं की पार्टी तक पंहुचाएं लोगो से निरंतर मिलने का एक रूटीन चार्ट तैयार कर हमारे तक पंहुचाएं हम सभी वरिष्ठ नेतागण आपकी समस्याओं का तत्काल संज्ञान ले आपतक तुरंत पंहुचेंगे। जनता की लडाई जन जन के साथ उनके बीच लडने को वचनबद्ध हैं।

कार्यकर्ता सम्मेलन मे वाराणसी के ठप पडे विकास, गंगाजमुनी संस्कृति का नाश, हवा हवाई विकास के दावों की हवा निकालती काशी मे पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अकाल, गंगा सफाई, हैंडपंप और रीबोर का अभाव सहित देश के तमाम ज्वलंत मुद्दों पर पूरी बेबाकी से विचार व्यक्त किये गए तथा सामाजिक और राजनीतिक प्रस्ताव पर सर्वसम्मति के साथ ही पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए नये नये विचारों का आदान प्रदान सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। पूरी भव्यता समेटे आज का ब्लाक कार्यकर्ता सम्मेलन आगामी लोकसभा चुनाव की जमीनी स्तर पर फूलप्रूफ तैयारियो की बाबत कार्यकर्तागणो मे नये जोश व ऊर्जा के संचार के साथ साथ नयी रणनीति और दिशानिर्देशो से मार्गदर्शन व समग्रता से उसके क्रियान्वयन व सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ जिम्मेदारी भी तय की गई।


सम्मेलन में राजेश्वर पटेल, विजयशंकर पाण्डेय, शालिनी यादव, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, दिलीप सेठ, देवेंद्र सिंह, आनंद सिंह रिंकू, राकेशचंद्र, अशोक सिंह, अभय तिवारी, मनीष सिंह, गिरीश चंद्र पांडेय, रामसुधार मिश्रा, हरीश मिश्रा, रामा देवी, राजेंद्र सिंह, शिवशंकर मौर्य, विजय उपाध्याय, आशीष केसरी, रंजीत सेठ, मिठाईलाल यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, जितेंद्र सेठ और जिला कांग्रेस प्रवक्ता रविशंकर पाठक आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता काशी विद्यापीठ ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री राम श्रृंगार पटेल ने की और संचालन श्रीराम आसरे पटेल ने किया जबकि सुशील सोनकर ने आभार जताया।