चौक थाना क्षेत्र में छोटी पियरी में 12 अक्टूबर को बदमाशों ने फायरिंग कर तीन लोगों को घायल कर दिया था इस घटना में शातिर बदमाश लोटन पाल और गजनी उर्फ शुभम सेठ का नाम आया था इसके बाद एसएसपी आनंद कुलकर्णी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने बदमाशों की धर पकड़ के लिए मुहिम चलायी थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने कैंट पुलिस को सूचित किया और जेएसवी मॉल के पास नाकाबंदी कर ली। इसी बीच बाइक पर सवार होकर दो युवक आते हुए दिखायी दिये। क्राइम ब्रांच ने दोनों को रोकने के लिए कहा तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच व पुलिस ने भी बदमाशों पर जवाबी फायरिंग की। थोड़ी देर बाद जब गोली चलना बंद हो गयी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि दो बदमाश घायल पड़े हुए हैं उनके पैर में गोली लगी थी, जिनकी पहचान लोटन पाल और गजनी उर्फ शुभम सेठ के रुप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाशों को तुरंत ही इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। एनकाउंटर की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये। एनकाउंटर वाली जगह पुलिस को लूट की बाइक, दो अवैध पिस्टल व कारतूस बरामद हुआ है। सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन के पहले क्राइम ब्रांच ने इनामी बदमाशों को पकड़ कर पुलिस प्रशासन को बड़ी राहत दी है। एनउकाउंटर की सूचना पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी, एसपी क्राइम ज्ञानेन्द्र प्रसाद, एसपी सिटी दिनेश सिंह आदि अधिकारी पहुंचे थे।
यह भी पढ़े:-जानिये करवा चौथ के दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल, महिलाओं की बढ़ सकती परेशानी