वाराणसी. Darekhu Oxygen Plant. काशी में लंबे समय से बंद पड़े दरेखु रोहनिया स्थित ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant) को सोमवार से शुरू किया जा सकता है। नए प्लांट के लिए अब तक चार आवेदन आ चुके हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। डीएम कौशल राज शर्मा ने कहा है कि विचार विमर्श करके ही संचालन को लेकर कोई फैसला किया जाएगा। दरेखु में शुरू होने वाला ऑक्सीजन प्लांट उन लोगों को मिलेगा जो होम आइसोलेशन में हैं व जो गंभीर श्रेणी में हों। डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में अस्पतालों में संचालित प्लांट से जो ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है, उससे होम आइसोलेट मरीजों के लिए ऑक्सीजन व्यवस्था में मुश्किल हो रही है। इसलिए दरेखु में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को शुरू किया जा रहा है। प्लांट के संचालन से करीब 400 ऑक्सीजन सिलेंडर वाराणसी को मिलेंगे। यह सिलेंडर सिर्फ वाराणसी के लिए ही होंगे।