
The administration took care of cows
लालसोट. शहर से सटे पहाड़ पर चारे के अभाव में गौ वंश के दम तोड़े जाने के बाद सोमवार को प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम नवरत्न कोली एवं पालिका के चेयरमैन जगदीश सैनी गोसेवा युवा समिति के पदाधिकारियों के साथ पहाड़ पर पहुंचे।
समिति के अध्यक्ष मनीष चौबे एवं प्रवक्ता अंशुल सोनी ने एसडीएम व चेयरमैन को पहाड़ पर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास मृत गायों के कंकाल दिखाए। इस दौरान उन्हे कई गोवंश मरणासन अवस्था में दिखाई दिया। सदस्यों ने बताया कि यदि शीघ्र ही प्रशासन ने गायों के लिए चारे की व्यवस्था नहीं की तो दर्जनों गाय काल का ग्रास बन जाएगी।
इस पर एसडीएम ने दूरभाष पर वन विभाग के अधिकारियों से पशुओं के लिए चारा व पानी का पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।सदस्यों ने बताया कि जब तक प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं होता है, तब तक समिति की ओर चारे का इंतजाम कर दिया जाएगा, लेकिन इस कार्य मेंं सबसे पड़ी परेशानी यहां तक चारा पहुंचाना है।
पहाड़ तक सामान पहुंचाने के लिए एक उडऩ खटोला भी बना हुआ है, लेकिन विद्युत निगम द्वारा थ्री फेज कनेक्शन नहीं होने से वह भी बंद पड़ा है।इस पर एसडीएम ने निगम अभियंता को तत्काल थ्री फेज कनेक्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालिका अध्यक्ष को भी पहाड़ी क्षेत्र में फैले गायों के कंकाल हटवाने एवं सफाई की व्यवस्था कराने के लिए कहा।
साथ ही पहाड़ के पीछे से यहां तक वाहन पहुंचने के लिए रास्ता भी तैयार करने के बारे में प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। समिति सदस्य विकास सुदामा, नेमीचंद, लालू एमडी, रामअवतार जोरवाल, भानू गुर्जर, अर्पित सोनी, निखिल जैमन, रवि मालनिया, लक्की जोशी एवं जीतू बोहरा भी मौजूद थे।
मौके पर ही कराया उपचार
एसडीएम व चेयरमैन के साथ पहाड़ पर शहर के पशु चिकित्सालय के चिकित्सक अनिल शुक्ला भी टीम के साथ पहुंचे और बीमार गायों का उपचार किया। एसडीएम ने पशु चिकित्सक को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में एक बार यहां पहुंचकर गायों का इलाज व देखभाल करें।
Published on:
20 Feb 2017, 8:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.