
AI image (chatgpt)
International Yoga Day: आदियोगी भगवान शिव की नगरी काशी में जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल 'स्वास्थ्य वृद्धावस्था के लिए योग' थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इस दौरान वाराणसी के सभी 84 घाटों पर एक सप्ताह तक योगाभ्यास किया जाएगा और यहां योग की अलग-अलग मुद्राएं देखने को मिलेगी। जिला प्रशासन की मानें तो प्रत्येक दिन अलग-अलग घाटों पर योग का अभ्यास किया जाएगा।
धर्म और आध्यात्मिक की नगरी काशी एक बार फिर वैश्विक मंच पर स्वास्थ्य और निरोग काया का संदेश देने के लिए तैयार हो रही है। 21 जून को होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन वाराणसी में तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। इस वर्ष योग दिवस 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' की विशेष थीम पर आधारित होगा। वाराणसी में इस मुहिम को जनआंदोलन बनाने के लिए 15 से 21 जून तक 'योग सप्ताह' का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि योग सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ 15 जून को नमो घाट से होगा। इसमें जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसके साथ ही काशी के घाटों पर भी योग की मुद्राएं दिखाई देंगी। योग के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए यह आयोजन किया जा रहा है ताकि लोग निरोग रह सकें। उन्होंने इस योगाभ्यास के दौरान शहर के लोगों से इस मुहीम में जुड़ने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 16 जून को राजघाट, पंच अग्नि घाट, रानी घाट, निषाद घाट, नया घाट, तेलिया नाला घाट, सक्का घाट, गोला घाट, बद्रीनारायण घाट, गाय घाट, ब्रह्म घाट, शीतला घाट, बुंदीदीपरकोटा घाट, दुर्गा घाट और बालाजी घाट पर योग का अभ्यास किया जाएगा।
वहीं, 17 जून को जटार घाट, राम घाट, अग्निश्वर घाट, गणेश घाट, मेहता घाट, भोषले घाट, गंगा महल घाट, संकठा घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट, मीर घाट, त्रिपुरा भैरवी घाट, मानमंदिर घाट, डॉ. आर.पी. घाट और दशाश्वमेघ घाट पर योगाभ्यास होगा। मुख्य विकास अधिकारी के मुताबिक, 18 जून को अहिल्याबाई घाट, मुंशी घाट, दरभंगा घाट, राणा घाट, चौसठी घाट, द्विगपतिया घाट, पाण्डेय घाट, बबुआ पाण्डेय घाट, राजा घाट, नारद घाट, मानसरोवर घाट और क्षेमेश्वर घाट और 19 जून को चौकी घाट, केदार घाट, विजयानगरम घाट, कर्नाटका स्टेट घाट, हनुमान घाट, डांडी घाट, गुलेरिया घाट, शिवाला घाट, निरंजनी घाट, प्रभु घाट, पंचकोटा घाट और चेतसिंह घाट।
20 जून को जैन घाट, वक्षराज घाट, आनंदमयी घाट, जानकी घाट, भदैनी घाट, तुलसी घाट, रीवा घाट, गंगा महल घाट-2, रविदास घाट, अस्सी नया घाट और महानिर्वाणी घाट पर योग किया जाएगा। वहीं, 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अस्सी घाट सहित काशी के अन्य सभी घाटों पर एक साथ सामूहिक योग किया जाएगा।
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी अरविंद कुमार के अनुसार, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल भवन, श्री काशी विश्वनाथ धाम, सारनाथ, नगर निगम के पार्कों, आयुष चिकित्सालयों, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों और समस्त ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में भी संस्थाओं द्वारा निर्धारित स्थलों पर बड़े स्तर पर योग सत्र होंगे।
योग को सिर्फ शहरों तक सीमित न रखकर ग्रामीण इलाकों के घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने रणनीति बनाई है। इसके तहत प्रत्येक ग्राम सभा से युवा मंगल दल के एक पुरुष और महिला मंगल दल की एक महिला सदस्य को 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' के तहत विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये मास्टर ट्रेनर्स गांवों में जाकर ग्रामीणों को नियमित रूप से योगाभ्यास कराएंगे।
Updated on:
09 Jun 2026 07:12 pm
Published on:
09 Jun 2026 07:05 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
