
काशी विश्वनाथ धाम
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
वाराणसी.
Kashi Vishwanath Corridor: काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता अब निखरकर सामने आई है। पांच लाख वर्गफीट (50261 वर्गमीटर) में बन रहे काशी विश्वनाथ धाम काॅरिडोर का 55 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कहा जा रहा है कि सावन तक श्रद्घालुओं के लिये काफी कुछ तैयार हो जाएगा। तय समय पर इसका निर्माण कार्य पूरा होगा और नवंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों इसका उद्घाटन हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को काॅरिडोर का निर्माण कार्य देखा और परिसर में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री शुक्रवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना करने के बाद चौक बिल्डिंग की छत पर बनी वीआईवपी गैलरी भी गए जहां से बाबा के शिखर और मां गंगा दोनों को प्रणाम किया।
इसे भी पढ़ें- Kashi Vishwanath : इस सावन बाबा का होगा अद्भुत श्रृंगार, दीपावली पर दीपों की कतार
जलासेन घाट से बाबा दरबार को जोड़ने वाले काॅरिडोर की भव्यता अब उभरकर सामने आने लगी है। मकराना पत्थरों के लगाने का काम शुरू हो चुका है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल के अनुसार ज्यादातर बिल्डिंगों का इंटीरियर का काम शुरू हो गया है। फर्श पर पत्थर लगाने का काम चल रहा है। इलेक्ट्रिसिटी फायर और एयर कंडीशन लगाने का काम भी साथ-साथ चल रहा है।
मंदिर सुंदरीकरण व विस्तारीकरण परियोजना के तहत 35 मीटर लंबे व 80 मीटर चौड़े क्षेत्र में गेट समेत 24 भवनों का काम तेजी से कराया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण काॅरिडोर के द्वार को काफी भव्य और देखने लायक बनाया जा रहा है। चौक का भव्य प्रवेश उभरकर सामने आ रहा है। मुख्य परिसर के अंदर चारों तरफ नक्काशीदार खंबे और मेहराब व जालियां लगी हैं, जिनपर महीन नक्काशी है।
इस बार सावन में बाबा का अद्भुत श्रृंगार होगा। बीते साल सावन में श्रद्घालुओं ने पहली बार आकार लेते विश्वनाथ काॅरिडोर की आभा को निहारा था। इस बार सावन में उनके सामने काॅरिडोर की भव्यता का अलग ही नजारा होगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सावन तक श्रद्घालुओं के लिये काफी व्यवस्थाएं तैयार हो चुकी होंगी। श्रद्घालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बता दें कि दीवाली पर भी इस बार काॅरिडोर को दीपों की कतार से जगमगाने की तैयारी है।
Updated on:
20 Jun 2021, 9:32 PM IST
Published on:
19 Jun 2021, 8:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.