वाराणसी. सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने सावन के पहले सोमवार को ही शिव भक्तों को बड़ी सौगात दे दी है। सोमवार को पर्यटन, महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एंव शिशु कल्याण मंत्री डा.रीता बहुगुणा जोशी ने कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव स्थित गंगा व गोमती नदी के संगम पर घाट निर्माण एंव विस्तारीकरण के लिए 18 करोड़ की योजना का शिलान्यास किया। डा.रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश क विकास का जो सपना देखा है उसे अब पूरा किया जा रहा है। जनवरी में बनारस में प्रवासी भारतीयों का सम्मेलन होना है। इस कार्यक्रम में दुनिया में कई देशों के प्रवासी आयेंगे। यहां के पौराणिक महत्व की जगह व ऐतिहासिक स्थलों का सुन्दरीकरण किया जा रहा है जिससे बाहर से आने वाले लोग भी यहां के विकास की चर्चा कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार की ईमानदारी के चलते ही परिवहन विभाग घाटे से उबर कर लाभ में पहुंच गया है। सरकार ने विकास का जो संकल्प लिया है उसे पूरा किया जायेगा। इस अवसर पर चंदौली के सांसद व बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा.महेन्द्रनाथ पांडेय, दीनदयाल नगर (मुगलसराय) की विधायक साधना सिंह,अपर मुख्य सचिव सूचना एंव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी आदि लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़े:-अमर सिंह के पास है अंधेरे में पूंजीपतियों से लाभ लेने वाले नेताओं की सूची