
पकड़ा गया आरोपी (Pc-Varanasi Police)
Murder Accused Arrested in Encounter in Varanasi: वाराणसी में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या किए जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को राजातालाब पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। 20 दिन पूर्व श्रेया उपाध्याय की हत्या की गई थी और मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया आरोपी इस मामले में वांछित था। पकड़े गए आरोपी की पहचान विवेक चौबे के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर श्रेया उपाध्याय का प्रेमी था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, इसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। फिलहाल, घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एडीसीपी निर्पेंद्र कुमार ने बताया है कि 20 दिन पूर्व एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विवेक चौबे को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान विवेक ने बताया कि श्रेया की शादी कहीं और तय हो गई थी और वह इसके लिए मना कर रहा था, लेकिन श्रेया नहीं मान रही थी। इसके बाद आरोपी विवेक ने अपने एक मित्र पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर श्रेया की हत्या करने की योजना बनाई।
एडीसीपी ने बताया कि दोनों ने मिलकर श्रेया को अपने कमरे पर बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वहीं, उसके शव को बाथरूम में छोड़कर दोनों फरार हो गए। इसी क्रम में पुलिस विवेक चौबे की तलाश कर रही थी। सोमवार की सुबह सूचना मिली कि विवेक जगतदेवपुर की तरफ आ रहा है और कहीं भागने की फिराक में है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर विवेक भागने लगा और पुलिस ने उसका पीछा करके उसे पकड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान विवेक ने अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया है कि पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में विवेक चौबे के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। विवेक को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, विवेक के पास से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया है। बता दें कि इससे पूर्व विवेक के साथी पुनीत मिश्रा को भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।
Updated on:
07 Sept 2026 07:44 am
Published on:
07 Sept 2026 07:44 am
