
बढ़ेगा व्यापार, अब काशी से बांग्लादेश तक कर सकेंगे क्रूज यात्रा, मल्टी मॉडल टर्मिनल का निरीक्षण
वाराणसी. धर्मनगरी काशी और बांग्लादेश के बीच व्यापार और जल परिवहन जल्द ही सुगम होता दिखा रहा है। जल्द ही लोग काशी से बांग्लादेश तक क्रूज से यात्रा कर सकेंगे। बांग्लादेश से आए अधिकारियों ने इस सिलसिले में भारतीय अधिकारियों के साथ न केवल बात की है बल्कि अलकनंदा क्रूज से रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल से खिड़किया घाट तक भ्रमण भी किया।
मल्टी मॉडल टर्मिनल का निरीक्षण
बांग्लादेश से अभी पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक जल परिवहन और सामान का आयात निर्यात होता है। इस सेवा को ही बनारस तक बढ़ाया जायेगा। इसके जरिये बांग्लादेश से लेदर, गारमेंट और जूट का आयात सुगम होगा। साथ ही बनारस से फूड ग्रेन, कोयला, स्टोन चिप और सीमेंट बांग्लादेश भेजा जा सकेगा। दरअसल, दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे बांग्लादेश के शिपिंग, वाणिज्य व विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने भारत सरकार के जहाजरानी मंत्रालय के अधिकारियों के साथ रामनगर स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल का निरीक्षण किया।
बनारस तक बढ़ेगा व्यापार
भारतीय जहाजरानी मंत्रालय के सदस्य ट्रैफिक व लॉजिस्टिक्स शशि भूषण शुक्ला ने इस दौरान कहा कि बांग्लादेश के साथ वर्तमान में कोलकाता व हल्दिया बंदरगाह से बांग्लादेश के मांगला, ढाका, नारायणगंज, आसुगंज, सहित 13 बंदरगाहों से व्यापारिक करार हैं। अब इसकी दूरी बढ़ाकर अब बनारस तक करने की तैयारी है। वाराणसी बंदरगाह के संदर्भ में बांग्लादेश के अधिकारियों को पूरी जानकारी दी गयी है। इस पर उन्होंने प्राथमिक सहमति प्रदान कर दी है। अब दोनों देशों के अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट सौंपने के बाद जल्द ही दोनों देशों के जहाजरानी व विदेश मंत्रालय के बीच समझौता होगा। इसके बाद यह समझौता मूर्त रूप लेगा।
Published on:
15 Feb 2021, 2:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.