
वाराणसी. ऑनलाइन टीवी ने बड़े गिरोह का राज खोल दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ कर उनके पास से लगभग आठ लाख रुपये का माल बरामद किया है। पकड़े गये सदस्यों ने चोरी व लूट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकारी है। गुरुवार को एसपीआरए अमित कुमार ने पकड़े गये बदमाशों की जानकारी मीडिया के संग साझा की।
यह भी पढ़े:-देश के साथ अब पर्यावरण की सुरक्षा में भी जुटी RAF
SPRA अमित कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी व लूट की कई घटना हुई थी जिसके खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगी थी। पुलिस को कुछ लोगों की गतिविधियों पर शक हुआ। एक व्यक्ति के यहां पर रखा हुआ टीवी देख कर पुलिसकर्मियों ने उसका दाम पूछा। संबंधित व्यक्ति ने टीवी का दाम व एक दुकान से खरीदने की बात कही। जबकि वह टीवी ऑफलाइन नहीं मिलती है। टीवी को सिर्फ ऑनलाइन ही मंगाया जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि टीवी चोरी का है। इसके बाद पुलिस को एक कबाड़ी की भी जानकारी हुई। कबाड़ी चोरी का माल खरीदने व बेचने का काम करता था। पुलिस ने कबाड़ी के यहां पर दबिश दी तो चोरी कर लायी गयी शराब मिली। पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी हुई। इसके बाद जंसा व मिर्जामुराद पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ कर चोरी किया गया लगभग आठ लाख का माल बरामद किया है। एसपीआरए के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिल चुकी है जिनके पकड़ में आने के बाद कई और चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। गिरोह के सदस्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में चोरी व लूट की बड़ी घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गये आरोपियों का नाम लालू यादव निवासी भड़ाव थाना जंसा, श्याम सुन्दर निवासी पयागपुर थाना रोहनियां, दीपक उर्फ नान्हू यादव निवासी पहाड़ी थाना लोहता, शुड्डू कबाड़ी निवासी ग्राम भट्टी थाना लोहता, राजेन्द्र पटेल निवासी कपरफोरवा थाना जंसा व उमाशंकर यादव निवासी ग्राम खेवली थाना जंसा शामिल है। आरोपियों के पास से मिर्जामुराद व जंसा पुलिस ने चोरी के सामान के अतिरिक्त अवैध असलहे भी बरामद किये हैं। एसपीआर के अनुसार गिरोह ने लोहता, शिवपुर, मंडुआडीह, रोहनिया आदि थाना क्षेत्रों में कई घटनाओं को अंजाम दिया था। बदमाशों का पहले भी आपराधिक इतिहास की रहा है और कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
यह भी पढ़े:-वातानुकूलित डबल डेकर क्रूज करायेगा गंगा की सैर, देखे खास तस्वीरे