कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी धर्मेन्द्र गुप्ता की पहडिया-सारनाथ मार्ग पर हार्डवेयर की दुकान है। प्रतिदिन की तरह सावन के सोमवार को भी धर्मेन्द्र ने रात में दुकान बंद की और कैश को बैग में रख कर बुलेट से घर की तरफ चल दिये। धर्मेन्द्र अभी घर के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आये दो बदमाश ने धर्मेन्द्र पर असलहा तान कर बैग छीनने का प्रयास किया। धर्मेन्द्र बैग को बचाने के लिए आगे की तरफ भागे। इसी बीच बदमाश भी धर्मेन्द्र की तरफ दौड़े और सीने पर लक्ष्य करके तीन फायर कर दिया। गोली लगते ही धर्मेन्द्र वही पर गिर पड़े। बदमाशों ने बैग उठाया और कॉलोनी के मुख्य द्वार पर पहुंचे। यहां पर एक बदमाश पहले से ही बाइक लेकर इंतजार कर रहा था इसके बाद बदमाश बाइक से पहडिय़ा की तरफ भाग निकले। गंभीर रुप से घायल धर्मेन्द्र को परिजन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ सहित कई थानों की फोर्स पहुंच गयी। पुलिस ने धर्मेन्द्र के दुकान के मैनेजर एंव अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस को खोखा भी मिला है। संभावना जतायी गयी है .32 बोर की रिवाल्वर से गोली चलायी गयी होगी। पुलिस ने जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
यह भी पढ़े:-छात्रा का होटल मालिक पर दबाव बनाना तो नहीं पड़ गया भारी, देनी पड़ी जान!