
मगहर में कबीर की समाधि पर फूल व चादर चढ़ाएंगे PM मोदी, सुरक्षा में लगे 10 हजार जवान
वाराणसी. संत कबीर के 620वें प्रकाट्योत्सव में शिरकत करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कबीर के लाखों अनुयायियों व चाहने वालों को साधने की कोशिश करते हुए सर्वधर्म समभाव का संदेश देंगे।
प्रधानमंत्री आज कुछ ही देर बाद करीब 10.20 बजे लखनऊ से मगहर आएंगे। सेना से मगहर पहुंचने के बाद वह कबीर स्थली पहुंच वहां उनके मजार व समाधि पर फूल व चादर चढ़ाएंगे। कबीर गुफा देखने के बाद वह कबीर अकादमी का शिलान्यास करेंगे। यहां से वह सीधे जनसभा स्थल पहुंचेंगे। जनसभा संबोधित करने के बाद वह वापस लखनऊ को रवाना हो जाएंगे।
पीएम मोदी की रैली की तैयारियों का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जायजा लिया। इसके बाद वह भी लखनऊ रवाना हो गए।
कई सौ बसें लगाई गई
गोरखपुर व बस्ती मंडल के जिलों से कबीर प्रकाट्योत्सव में लोगों को ले जाने और प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए ब्लाॅकवार बसें लगाई गई हैं। अधिक से अधिक भीड़ वहां पहुंच सके इसलिए प्रशासनिक अधिकारी खुद ही कमान संभाले हैं। विभिन्न योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों को प्रधानमंत्री की सभा के लिये ले जाया जा रहा।
भाजपाई जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी भीड़ ले जाने की
भाजपा के क्षेत्रीय सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को भी पीएम की रैली में लोगों को ले जाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए सबकी जवाबदेही तय की गई है। बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देखरेख मेें हुई क्षेत्रीय बैठक में जनप्रतिनिधियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
पीएम की सुरक्षा में दस हजार जवान
सुरक्षा ऐसी ताकि परिंदा भी पर मार न सके। इसी तर्ज पर मगहर पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। मगहर में चप्पे-चप्पे पर फोर्स लगाई गई है। करीब पांच हजार जवान यहां लगाए गए हैं। जबकि गोरखपुर एयरपोर्ट से मगहर तक रास्ते में भी चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा में फोर्स की तैनाती की गई है।
पीएम की सुरक्षा में यूपी के विभिन्न जिलों से फोर्स पहुंच चुकी है। बम निरोधक दस्ता, स्नीफर डाॅग, जैमर आदि पहले ही आ चुका है। एडीजी दावा शेरपा इस सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाले हैं। जबकि प्रधानमंत्री की स्पेशल सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी संभाली है। एसपीजी के जवान पहले से ही यहां डेरा डाल चुके हैं। उनकी ही देखरेख में एक-एक चीज तय हो रहा। प्रधानमंत्री क्या खाएंगे, कहां जाएंगे यह पहले से ही एसपीजी के पास है। वे उसी अनुरूप कार्यक्रम को तय कर रहे।
पैरामिलिट्री फोर्स भी लगायी गई
पीएम की सुरक्षा में 90 एसपी स्तर के अधिकारी लगाए गए हैं। इसके अलावा 22 एडीशनल एसपी, 200 से अधिक सीओ स्तर के अधिकारी लगाए गए हैं। 4000 के आसपास पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जबकि 16 कंपनी पीएसी की तैनाती है। 1100 दरोगा और 700 इंस्पेक्टर तैनात हैं। 300 महिला कांस्टेबल और 400 यातायात पुलिस के अलावा क्यूआरटी भी हरपल चैकन्ना रहेगी।
नहीं आएंगे गोरखपुर
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह गोरखपुर आकर मगहर जाने की बजाय सीधे लखनऊ से मगहर आएंगे। वहीं से वापस भी लौट जाएंगे।
input धीरेंद्र गोपाल
Updated on:
28 Jun 2018, 1:03 PM IST
Published on:
28 Jun 2018, 9:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.