
शिवपाल यादव की "प्रगतिशील समाजवादी पार्टी" को मिल सकता है यह चुनाव चिन्ह
वाराणसी. सामाजवादी पार्टी में पद और प्रतिष्ठा को लेकर लम्बे समय से संघर्ष कर रहे समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल यादव ने अपनी नई पार्टी "प्रगतिशील समाजवादी पार्टी" (पीएसपी) बनाने के लिए निर्वाचन आयोग में रजिस्ट्रेशन करा दिया है। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से कार , मोटर साइकिल और चक्र को चुनाव चिन्ह के तौर पर मांग की है। वहीं सेकुलर मोर्चा बनने के बाद वाराणसी में हुई पहली बैठक के बाद शिवपाल यादव के बेहद करीबी नेता ने पत्रिका से हुई खास बातचीत के दौरान बताया कि चुनाव आयोग द्वारा पार्टी को "कार" चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जा सकता है। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी इसपर अपनी मुहर नहीं लगाई है।
कार ही क्यों मिल सकता है चुनाव चिन्ह
गौरतलब है कि शिवपाल यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी(पीएसपी) बनाने के लिए चुनाव आयोग में रजिस्ट्रेशन कराने के साथ ही तीन चुनाव चुन्ह मोटर साइकिल, चक्र और कार की मांग की है। बता दें कि 1989 में चक्र चुनाव चिन्ह जनता दल को मिला था। बाद में जनता दल में कई विभाजन होने के बाद चुनाव आयोग ने इस चुनाव चिन्ह को सीज कर दिया था। जबकि मोटर साइकिल सिंबल की मांग 2017 में सपा के चुनाव चिह्न को लेकर हुए विवाद के दौरान उठी थी। जिसपर लम्बा विवाद चला था। ऐसे में उनके करीबीयों ने चुनाव आयोग द्वारा कार चुनाव चिन्ह मिलने की उम्मीद जताई है।
आगामी लोकसभा में प्रत्याशी उतारने पर अंतिम फैसला करेंगे नेताजी (शिवपाल यादव)
शिवपाल यादव के करीबी नेता की माने तो प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को जल्द ही चुनाव आयोग से चुनाव चिन्ह का आवंटन हो जाएगा। जिसके बाद पार्टी और तेजी के साथ जमीनी स्तर पर आपनी गतिविधियों को तेज कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। वहीं आगामी लोकसभा के चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा हम जमीनी स्तर पर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी को मजबूत करने लिए कार्य कर रहें हैं। ताकि नेता जी के आदेश के बाद हम पार्टी को ज्यादा से ज्यादा सीटे आगामी लोकसभा के चुनाव में जीत कर दे सकें। हालांकि 2019 के लोकसभा के चुनाव में प्रयाशी उतारने का अंतिम फैसला हमारे नेता शिवपाल यादव करेंगे।
Updated on:
28 Sep 2018, 8:53 PM IST
Published on:
28 Sep 2018, 8:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.