
वाराणसी में एक युवक ने घर पर भाजपा का झंडा लगाया तो सपा नेता ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। अमरपट्टी की रहने वाली राबिया ने चोलापुर थाना क्षेत्र में यह आरोप लगाया है। उसने प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की है। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मामले की जांच के लिए चोलापुर थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं।
15-20 लोगों के साथ घर पर हमला कर दिया- राबिया
राबिया ने बताया, “उन्होंने चुनाव में BJP को वोट दिया था। घर पर भी भाजपा का झंडा लगाया है। इससे नाराज होकर घर के सामने रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता ऋषि नारायण यादव ने 15-20 लोगों के साथ घर पर हमला कर दिया। बेटे, पति, देवर, देवरानी को मार पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने उनकी जान बचाई है।”
आरोप है “13 फरवरी को सपा नेता ऋषि नारायण एक बार फिर दो लोगों के साथ घर पर आए और गाली-गलौज करने लगे। सास सायरा बानो और देवर गफ्फार को मार पीट कर घायल कर दिया। छत पर लगे BJP के झंडे को उतरवा दिया। शाम को उनके पक्ष का ही आकाश यादव उसकी पालतू बकरी को ले जाने लगा।”
मेरे खिलाफ लगाया गया आरोप गलत है- ऋषि नारायण
ऋषि नारायण यादव ने कहा, “मेरे खिलाफ लगाया गया आरोप गलत है। उनके परिवार का बच्चा साइकिल से जाते हुए राबिया की पालतू बकरी से टकरा गया था। राबिया के लोगों ने बच्चे की पिटाई कर दी थी। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। मामले को बेवजह राजनीति का रंग दिया जा रहा है।”
चोलापुर थाना के चंदापुर चौकी प्रभारी विपिन पांडेय ने कहा, “ झंडा लगाने को लेकर मारपीट का आरोप गलत है। कुछ दिनों पहले ऋषि नारायण यादव के लोगों ने राबिया के लोगों के खिलाफ मारने-पीटने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इसकी जांच के लिए राबिया के परिजनों को बुलाया था, लेकिन वह नहीं आए और ऋषि नारायण यादव और उनके परिजनों पर झंडा लगाने को लेकर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।”
Updated on:
18 Feb 2023, 6:08 PM IST
Published on:
18 Feb 2023, 6:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.