
घटनास्थल पर जुटी भीड़, (Pc-Vijendra Mishra)
Accident news Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर साइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे में साइकिल सवार छेदी (60) और राशिद (18) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है की छेदी फल कारोबारी थे और साइकिल से चांदपुर की ओर से अकेलवा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी होने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं, छेदी के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया की छेदी के दो बेटे हैं और दोनों ही शहर से बाहर रहकर नौकरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों ही साइकिल पर फल लादकर बेचने का काम किया करते थे। सुबह दोनों घर से कारोबार के लिए निकले थे। इस दौरान यह सड़क हादसा हो गया। वही, घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने मांग की है कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर दोनों मृतकों को के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
वहीं, स्थानीय लोगों की भीड़ को जुटता देखकर चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची लोहता पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक, राहगीरों द्वारा दुर्घटना की जानकारी दी गई थी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोनों मृतकों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले। पुलिस ने बताया है कि फिलहाल ट्रक चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, मृतक दोनों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है।
Updated on:
26 Sept 2026 12:37 pm
Published on:
26 Sept 2026 12:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
