
परिजनों को रोकते पुलिसकर्मी, (Pc-Vijendra Mishra)
Varanasi Crime News: वाराणसी के पिशाच मोचन में बने कुंड में डूबने से बुधवार को मलदहिया मलिन बस्ती के रहने वाले एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद सिगरा पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक के शव को कुंड से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिसकर्मी मृतक के शव को लेकर कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के दौरान परिजनों से पुलिसकर्मियों की कहासुनी हो गई और परिजन युवक के शव को लेकर फरार हो गए। हालांकि, बाद में पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शव को वापस बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक, सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया का रहने वाला राजू अपने दो दोस्तों के साथ पिशाच मोचन कुंड के पास गया था। सूत्रों के मुताबिक, तीनों ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। इसी दौरान राजू का पैर फिसल गया और वह कुंड में डूब गया। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं, इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर राजू के शव को खोजने लगी।
थोड़ी ही देर की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने राजू के शव को कुंड से बाहर निकाला। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को शव सुपुर्द किया गया और वे शव को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। राजू को मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिसकर्मी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए शव को तैयार करने लगे। इसी दौरान परिजन भी वहां पहुंच गए और पुलिसकर्मियों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे।
स्ट्रेचर पर पड़े शव को उठाकर परिजन भागने लगे। इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का काफी प्रयास किया। इसी बीच परिजन ई-रिक्शा में शव को लादकर अस्पताल परिसर से भाग निकले। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। ई-रिक्शा से भाग रहे परिजनों के पीछे पुलिस भी दौड़ी और कुछ दूरी पर जाकर सड़क पर पुलिस कर्मियों ने ई-रिक्शा को रोक दिया और शव को कब्जे में ले लिया।
सिगरा थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पिशाच मोचन कुंड में एक युवक के डूबने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और युवक के शव को लेकर कबीरचौरा गई। वहीं, परिजन पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की कर शव को लेकर भागने लगे। इसके बाद कुछ ही दूरी पर जाने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया और फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Updated on:
23 Sept 2026 12:38 pm
Published on:
23 Sept 2026 12:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
