
आगरा। बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि का प्रस्ताव पर समाजवादी पार्टी आगरा भी धरना प्रदर्शन में शामिल होगी। समाजवादी पार्टी आगरा ने रणनीति तैयार कर ली है। सपा महानगर इकाई द्वारा गुरुवार को सुबह 10 बजे साईं की तकिया के पास पेट्रोल पंप पर सभी पार्टी नेता और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। सपा महानगर मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता ने बताया कि सपा नेता कलेक्ट्रेट पर जाकर राज्यपाल के नाम बढ़ी हुई बिजली की दरों के खिलाफ जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपेंगे। सपा इस दौरान कलेक्ट्रेट पर धरना देगी। सौरभ गुप्ता ने बताया कि पार्टी हाईकमान की तरफ से नेतृत्व मिल चुका है। हाईकमान द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि बिजली की दरें शहरी क्षेत्र में लगभग 8.49 प्रतिशत बढ़ाई गई हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 63 प्रतिशत वृद्धि की गई है। छोटे बड़े उद्योगों को बिजली की बढ़ोत्तरी से दूर रखा गया है। सपा ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। जैसे कि गांवों में फिक्स चार्ज 180 रुपये से बढ़ाकर तीन सौ रुपये कर दिया गया है। जबकि शहरी क्षेत्र में प्रतियूनिट दरें आठ पैसा के बजाए केवल 90 पैसा की गई है।