
आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा नकल विहीन कराने के सारे दावे आगरा में खोखले साबित होते जा रहे हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए लगाए सीसीटीवी में आगरा एक परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में ड्यूटी पर तैनात शिक्षक ही छात्रों को नकल की पर्चियां दे रहा है। ये सामूहिक नकल उड़नदस्तों और मजिस्ट्रेटों को कॉलेज पर पकड़ में नहीं आई। जब स्कूल की सीडी जमा हुई तो उसमें सामूहिक नकल मिली। इस नकल की सीडी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एक परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला सामने आया तो शिक्षा विभाग के होश उड़ गए। मामला महात्मा कपिलदेव इंटर कालेज, अरहेरा (सेंटर कोड 1091) का है। जहां शाम को परीक्षा की सीडी जमा हुई तो देखने पर एक कक्ष में सामूहिक नकल का मामला पकड़ में आया। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस सीडी में खुद कक्ष निरीक्षक परीक्षा के दौरान छात्रों को नकल की पर्चियां देता हुआ दिख रहा है। नकल के लिए परीक्षार्थी भी एक दूसरे की सीट पर जाकर प्रश्नों के उत्तर भी बता रहे हैं। सामूहिक नकल के इस वीडियो में एक परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में देखकर कुछ बताती भी है। कंट्रोल रूम में रिकार्डिंग देखे जाने के बाद कंट्रोल रूम प्रभारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को देने के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली है।