अजमेर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्टार प्रचारक राहुल गांधी ने सोमवार सुबह ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में मखमली चादर चढ़ाई और अकीदत के फूल पेश किए। चेहरे पर मुस्कराहट के साथ दरगाह में दाखिल हुए राहुल गांधी को एसपीजी व जिला पुलिस के जवानों ने कड़े सुरक्षा घेरे में रखा।
राहुल गांधी के साथ प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी सदस्य राजीव शुक्ला, अजमेर उत्तर से कांग्रेसी प्रत्याशी महेन्द्रसिंह रलावता, केकड़ी के प्रत्याशी व सांसद रघु शर्मा मौजूद थे। दरगाह बुलंद दरवाजे पर मखमली चादर सिर पर रखने के बाद राहुल गांधी सीधे आस्ताना शरीफ पहुंचे। यहां खादिम गनी गुर्देजी ने उन्हें जियारत करवाने के बाद दस्तारबंदी की। गुर्देजी ने उनको पूर्व प्रधानमंत्री और दादी इन्दिरा गांधी, पिता राजीव गांधी के प्रधानंमत्री रहते हुए दरगाह जियारत की तस्वीरें भेंट की।
बिना बोले गए राहुल
कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी ने प्रदेश में चुनावी दौरे का आगाज धार्मिक यात्रा से किया। हालांकि दरगाह जियारत के बाद राहुल गांधी बिना बोले चले गए। राहुल गांधी को जियारत करवाने वाले खादिम गनी गुर्देजी ने बताया कि उन्होंने देश में अमन चेन की दुआ करते हुए कांग्रेस के जीत, पार्टी की मजबूती और उनके प्रधानमंत्री बनने की दुआ की गई।
23 मिनट में जियारत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की दरगाह यात्रा तेईस मिनट की रही। राहुल गांधी सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर दरगाह निजामगेट से दाखिल हुए। दरगाह जियारत के बाद 9 बजकर 39 मिनट पर राहुल गांधी का काफिला मेयो कॉलेज स्थित हेलीपेड के लिए रवाना हो गया।
कांग्रेसी नेताओं ने की अगवानी
राहुल गांधी करीब 9 बजकर 5 मिनट पर मेयो कॉलेज परिसर स्थित हेलीपेड पर उतरे। उनके साथ पीसीसी चीफ सचिन पायलट, एआईसीसी महासचिव अशोक गहलोत साथ थे जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, सांसद व केकड़ी प्रत्याशी रघु शर्मा थे। राहुल गांधी का हेलीपेड पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, अजमेर उत्तर के प्रत्याशी महेन्द्र सिंह रलावता, अजमेर दक्षिण प्रत्याशी हेमंत भाटी, अजमेर प्रभारी सुरेश मिश्रा, काजी निजामुद्दीन, डॉ.श्रीगोपाल बाहेती, डॉ. राजकुमार जयपाल, कमल बाकोलिया, सुकेश कांकरिया, श्याम प्रजापति, इमरान सिद्दकी, कैलाश कोमल व दयानन्द चतुर्वेदी ने राजस्थानी अंदाज में साफा व कंठी माला पहनाकर स्वागत किया। डीसीसी अध्यक्ष जैन ने गांधी को दरगाह व पुष्कर की तस्वीर भेंट की।
जाना अजमेर का इतिहास
राहुल गांधी ने डीसीसी अध्यक्ष विजय जैन से अजमेर शहर की एतिहासिक पृष्ठ भूमि की जानकारी ली। जैन ने गांधी को धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। जैन ने गांधी को अजमेर की दोनों सीट जीतकर देने का वादा किया।