अलवर रोड पर स्थित बहरोड़ पीजी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर आज रीट की परीक्षा देने आए एक युवक को पुलिस प्रशासन ने ब्लूटूथ से नकल करते हुए पकड़ा। जिसकी सूचना प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को दी गई। उसके पश्चात आला अधिकारियों ने कॉलेज में पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। युवक के अंडरवियर में डिवाइस व कान के अंदर ब्लूटूथ पाई गई। चिकित्सक टीम युवक के कान से ब्लूटूथ निकालने का प्रयास कर रही है।
युवक उस समय पकड़ में आया जब बार बार गर्दन व कान हिला रहा था। प्रशासन अभी पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। पुलिस पता लगा रही है कि युवक के साथ कौन कौन शामिल है और परीक्षा केंद्र से बाहर युवक को नकल कौन करवा रहा था। रुगनाथ नामक युवक को पुलिस हिरासत में लेकर थाने में ले गई। अभ्यर्थी सांचोर का रहने वाला है। रीट की परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने के लिए कस्बे में स्थित दस परीक्षा केंद्रों पर पुलिस जाप्ता व गस्त लगा रखी थी। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सुरेश बुनकर, नायब तहसीलदार कमल पंचोरी, डीएसपी जनेश सिंह तंवर, थानाधिकारी महावीर सिंह शेखावत, सब इंस्पेक्टर रविन्द्र कवैया सहित चिकित्सक टीम मौके पर पहुंचे।