वाशिंगटन। अमरीका के एक शहर में पुलिस ने एक पार्क में मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने के बाद दक्षिणपंथी समूह के अराजक प्रदर्शनकारियों और उनके खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को तितर बितर किया। पोर्टलैंड पुलिस ने ट्विटर और घटनास्थल पर लाउडस्पीकर के माध्यम से शांति बहाली की अपील की है। पुलिस ने का कहा कि उपद्रव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर प्रदर्शनकारी नहीं माने तो उनको गिरफ्तार भी किया जा सकता है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे तुरंत इलाका खाली कर चले जाएं।
इसलिए आयोजित की गई थी रैली
यह रैली पैट्रियॉट प्रेयर द्वारा आयोजित की गई थी जो कि जॉय गिब्सन द्वारा स्थापित एक दक्षिणपंथी समूह है। गिब्सन वाशिंगटन में अमरीकी सीनेट के लिए चुनावी दौड़ में शामिल हैं। इस प्रदर्शन में पैट्रियॉट प्रेयर के सैकड़ों समर्थक ‘मुक्त भाषण’ के समर्थन में पोर्टलैंड के मुख्यशहर स्थित एक वॉटरफ्रंट पार्क में दोपहर के करीब एकत्र हुए। कई दक्षिणपंथी प्रदर्शनकारी हेल्मेट पहने और घर की बनी दंगा सामग्री लेकर पहुंचे। उनका सामना सड़क पर हाथों में बैनर और पोस्टर लिए श्रम संघों, प्रवासी अधिकारों के कार्यकर्ताओं और अन्य समूहों के प्रदर्शनकारियों से हुआ। शुरुआत में शांत दिखाई दिए प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए और कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर पत्थर, बोतलें और अन्य दूसरी चीजें फेंकी।