
अमेठी. उन्नाव गैंगरेप मामले से पूरे देश में रोष व्याप्त है। वहीं भाजपा के ही कई सांसद, मंत्री व नेता इस मामले में बयान देकर सरकार का बचाव करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन इसी बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की जिसमें उन्होंने यूपी सरकार पर तंज़ कसा है। स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुँची हैं जहां उन्होंने इस मामले पर अपना बयान दिया है।
क़ानून व्यवस्था राज्य सरकार के अधीन आती है-
आज अमेठी पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मीडिया से बात करते हुए इशारे ही इशारे में यूपी सरकार पर तंज़ कसा। उन्होंंने कहा कि भारत सरकार महिला की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। क़ानून व्यवस्था राज्य सरकार के अधीन आती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंग्रेजी में एक शब्द है ‘Victim Shaming’ , यानी हम ऐसी टिप्पणी ना करें जिससे महिला के सम्मान को ठेस पहुंचे। मेरा निवेदन हैं कि जाँच एजेन्सी को निष्पक्ष जाँच करने का मौक़ा दें। स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुँची हैं जहां उन्होंने उक्त विचार पेश किए।
हम काम करके जा रहे हैं, राहुल गांधी देखने तो आएँगे ही-
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी जाते समय रायबरेली के पास भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात के लिये रुकी। इस बीच पत्रकारों ने ईरानी से सवाल किया कि राहुल गाँधी के संसदीय क्षेत्र के डीह स्कूल जाने वाले बच्चों को एक नाले के पानी से गुजर कर जाना होता है, इस पर उन्होंने जवाब दिया कि मैं इस मामले पर अमेठी की डीएम से बात करूंगी। जो भी हो सकेगा उसको पूरा करने की कोशिश करूंगी। उन्होंंने कहा कि राहुल जी ने क्या किया है इसके बारे में मैं कुछ नहीं बोलना चाहती हूं और राहुल गाँधी से क्या अपेक्षा हो सकती है, इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती हूं। स्मृति ने आगे कहा कि हम काम करके जा रहे हैं, राहुल गांधी अब देखने तो आएँगे ही।