
नई दिल्ली : कहते हैं बच्चे मासूम होते हैं। उन्हें दुनिया की चिंता नहीं होती है। मासूम बच्चे दुनियावी तौर-तरीके से अंजान होते हैं। अगर बच्चे बड़ों के साथ कोई दुर्व्यवहार कर भी देते हैं तो बड़े बच्चा समझ कर उन्हें माफ कर देते हैं लेकिन चीन की एक ऐसी वीडियो वायरल हो रही है जिसमें एक समझदार, गर्भवती महिला एक 4 साल के बच्चे से बदला देती हुई नजर आ रही है। दरअसल चीन शानशी प्रांत के एक रेस्त्रां में एक दंपत्ति खाना खा रहे थे। पड़ोस की दुकान के मालिक ने अपने बच्चे को कुछ चॉपस्टिक लाने के लिए रेस्त्रां में भेजा। जैसे ही बच्चा हंसते-खेलते रेस्त्रां में दाखिल हुआ तो प्लास्टिक के दरवाजे इधर-उधर जाने लगे। प्लास्टिक के पर्दे का एक छोर महिला से जा टकराया। प्लास्टिक के पर्दे गर्भवती महिला को लग गए जिसके बाद महिला 4 साल के बच्चे से बदला लेने की सोचती है। बच्चा जैसे ही रेस्त्रां से बाहर निकलने के लिए दरवाजे के पास पहुंचता है तभी महिला बच्चे को जान बूझकर पैर अटकाकर गिरा देती है। गिरते ही मासूम रोने लगता है, इस हादसे में बच्चे को चोटें आई हैं। महिला की मासूम से बदला लेने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने इस मामले में दखल दिया तो आरोपी महिला ने बच्चे और परिवार से अपने किए पर माफी मांगी है।